पंजाबराज्य

CJP के समर्थन में पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन, PM आवास के बाहर धरने के दौरान चन्नी, रंधावा और राजा वड़िंग हिरासत में

नई दिल्ली: पेपर लीक मामले और सीजेपी कार्यकर्ताओं के समर्थन में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रधानमंत्री आवास के निकट आयोजित धरने में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग, सांसद गुरजीत सिंह औजला, सांसद धर्मवीर गांधी समेत कई नेता शामिल हुए।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन शुरू होने के कुछ ही समय बाद दिल्ली पुलिस ने चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजा वड़िंग सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

हाथों में हथकड़ियां पहनकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ियां पहनकर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं का कहना था कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वालों के साथ सख्ती बरती जा रही है।

चन्नी को पुलिस बस तक ले गई, नारेबाजी जारी रही

जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के दौरान दिल्ली पुलिस चरणजीत सिंह चन्नी को पुलिस बस तक लेकर गई। इस दौरान चन्नी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। वहीं, राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा की भी पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

हिरासत के बाद नेताओं को किया गया रिहा

बताया गया कि हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को कुछ किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया गया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।

Related Articles

Back to top button