टॉप न्यूज़राजनीतिराष्ट्रीय

कर्नाटक के रुझानों को देख ख़ुशी से झूमे दिग्विजय सिंह, बोले- ‘MP में भी मिलेगा पूर्ण बहुमत’

भोपाल: कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में प्राप्त हुई कामयाबी से कांग्रेस उत्साहित है। उसे मध्य प्रदेश में भी जीत की उम्मीद बंध गई है। कांग्रेस के सीनियर नेता एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस का सीधा मुकाबला बीजेपी से है। कुछ सियासी दल बीजेपी के सहयोग के लिए अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाते हैं। कांग्रेस का वोट काटते हैं। उसमें गोंडवाना गणतंत्र परिषद, BSP, AAP एवं कुछ जगहों पर एमआईएम भी आ जाती है। यह पूरे तरीके से बीजेपी के समर्थन से और बीजेपी के सहयोग से, बीजेपी की सहायता के लिए चुनाव लड़ती है।

दिग्विजय सिंह शहडोल में थे। उन्होंने यहां स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। तत्पश्चात, दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेता इमरती देवी के हनुमान भक्त वाले बयान पर कटाक्ष किया। यह भी कहा कि ‘लक्ष्मी जी की कृपा से इमरती देवी के महाराज बिक गए इसलिए कांग्रेस की सरकार गिरी। मध्यप्रदेश के आदिवासी नेता नहीं बिके केवल बिसाहुलाल सिंह को छोड़कर। कांग्रेस के 94 ईमानदार एवं सच्चे कांग्रेसी MLA आज भी हमारे साथ हैं। इस बार हमें इतना बहुमत प्राप्त होगा कि कोई हमारी सरकार गिरा नहीं सकेगा।’

दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिन सीटों पर निरंतर कांग्रेस हार रही है, मैं वहां के दौरे कर रहा हूं। मेरे साथ रामेश्वर नीखरा भी हैं। कांग्रेस का संगठन कमजोर रहा है। इसे स्वीकारने में मुझे कोई परहेज नहीं है। कमलनाथ इसे बहुत सुव्यवस्थित तरीके से ठीक कर रहे हैं। पूरा ढांचा तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा को मंडल-सेक्टर में बांटा गया है। पहले भी प्रयास होता था किन्तु इतना व्यवस्थित तरीके से काम कभी नहीं हुआ। दिग्विजय सिंह ने कहा- राज्य में आदिवासियों को ठगा जा रहा है। आदिवासी परेशान हैं। उनकी जमीनों पर कब्जा हो रहा है। जो जमीनें हमने बांटी थी, उनके पट्टे रद्द कर दिए गए। बड़ी मात्रा में भाजपा के लोगों ने उन पर कब्जा किया है। शहडोल अवैध रेत एवं कोयला खनन का अड्डा बन गया है। सरकारी नियंत्रण में अवैध खनन हो रहा है। अधिकांश विधायक, मंत्री और बीजेपी के नेता वसूली कर रहे हैं। बीजेपी की सरकार स्वयं के हित का काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button