स्ट्रेस से इम्युनिटी तक हर जरूरत का दावा, लॉन्च हुई खास चॉकलेट; जानिए क्या हैं इसकी खूबियां

नई दिल्ली: चॉकलेट का नाम आते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। स्वाद के लिए पसंद की जाने वाली चॉकलेट को कुछ मामलों में स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ विशेष प्रकार की चॉकलेट तनाव कम करने और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं में भी उपयोगी मानी जाती हैं। इसी बीच एक ऐसी नई चॉकलेट लॉन्च की गई है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह स्ट्रेस कम करने, इम्युनिटी बढ़ाने, ऊर्जा देने और नींद से जुड़ी समस्याओं से निपटने में मददगार हो सकती है।
चार अलग-अलग जरूरतों के लिए पेश किए गए वैरिएंट
एडब्ल्यूएसयूएम नाम से लॉन्च की गई इस चॉकलेट को आयुर्वेद से प्रेरित फंक्शनल चॉकलेट बताया गया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रणव के अनुसार आयुर्वेद में लंबे समय से कई ऐसी जड़ी-बूटियों का उपयोग किया जाता रहा है, जिन्हें अलग-अलग शारीरिक समस्याओं के लिए लाभकारी माना जाता है। इसी आधार पर कंपनी ने चार अलग-अलग वैरिएंट पेश किए हैं। इनमें स्लीपिंग डिसऑर्डर, इम्युनिटी बूस्टर, स्ट्रेस रिलीवर और एनर्जी बढ़ाने के लिए तैयार की गई विशेष चॉकलेट शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इन्हें खासतौर पर युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
स्ट्रेस कम करने का किया गया दावा
कंपनी का दावा है कि तनाव कई गंभीर बीमारियों की प्रमुख वजह बन सकता है। ऐसे में स्ट्रेस रिलीवर वैरिएंट को मानसिक तनाव कम करने में सहायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इम्युनिटी बढ़ाने वाली चॉकलेट में हैं कई आयुर्वेदिक तत्व
इम्युनिटी बढ़ाने के लिए तैयार किए गए वैरिएंट को बच्चों के लिए भी उपयुक्त बताया गया है। इसमें अश्वगंधा, आंवला, हल्दी, गिलोय और अदरक जैसी आयुर्वेदिक सामग्री का उपयोग किया गया है। कंपनी के अनुसार अलग-अलग वैरिएंट में उनकी उपयोगिता के अनुसार सामग्री शामिल की गई है।
एफएसएसएआई से लाइसेंस प्राप्त होने का दावा
कंपनी का कहना है कि यह चॉकलेट खाद्य गुणवत्ता संबंधी निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है और इसे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से लाइसेंस प्राप्त है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में इस उत्पाद की मांग में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।



