मध्य प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री आज नर्मदा जयंती पर जलमंच से करेंगे पूजन-अभिषेक, धूमधाम से मनेगा मां नर्मदा का जन्मोत्सव

भोपाल। प्रदेश के नर्मदापुरम में आज मुख्यमंत्री नर्मदा जयंती पर जलमंच से पूजन-अभिषेक करेंगे। शाम 6 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, उनकी पत्नी साधना सिंह नर्मदा नदी में बने जलमंच से पूजन-अर्चना कर अभिषेक करेंगे। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। जलमंच पर 70 लोगों को ही आने की अनुमति दी गई है। इसके लिए विशेष पास जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए हैं। रात्रि 8 बजे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मां नर्मदा पर केन्द्रित नृत्य नाटिका एवं भक्ति गायनए संस्कृति संचालनालय द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा।

नर्मदा जयंती पर सेठानी घाट मां की पूजा अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अंचल के सबसे बड़ा पर्व नर्मदा जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं का तांता सुबह से ही नर्मदा घाटों पर लगा हुआ है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेंद्र बड़ोनिया ने बताया कि आज मंगलवार को प्राचीन नर्मदा मंदिर में मां नर्मदा का जन्म उत्सव मनाया जा रहा । दोपहर 03.30 बजे नर्मदा मंदिर, मोरछली चौक से सेठानी घाट तक शोभायात्रा निकाली जायेगी। नर्मदा जयंती के आयोजन का प्रसारण शहर के चार प्रमुख चौराहों जिनमें पर्यटन घाट के पास, सतरस्ता, जय स्तंभ चौराहा और इंदिरा चौक पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों से आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। महोत्सव के दौरान मुख्य समारोह स्थल सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इन स्थानों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं होमगार्ड का बल तैनात रहेगा। घाटों पर नाव एवं जीवन सुरक्षा उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही कार्यक्रम की मॉनिटरिंग एवं समन्वय के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया हैं। नर्मदा जयंती कार्यक्रम के दौरान यातायात तथा पार्किंग व्यवस्था शाम 05 बजे से देर रात तक के लिए बदली गई है। गांधी चौक, अस्पताल तिराहा से सराफा चौक की और पहिया वाहन तथा बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसी तरह सतरस्ता से अमरचौक तथा इन्द्रा चौक तरफ चार पहिया वाहन का प्रवेश एवं सराफा चौक से सेठानी घाट तरफ सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सेन्ट्रल बैंक तिराहा से सेठानी घाट की ओर एवं एकता चौक से कोरी घाट तरफ सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नर्मदा जयंती कार्यक्रम तथा अन्य कारण से इस क्षेत्र में आने वाले वाहनों की पार्किग व्यवस्था सेठ गुरूप्रसाद स्कूल परिसर तथा एसएनजी स्कूल परिसर में रखी गई है।

वहीं नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज सिंह का कहना है कि नर्मदा जयंती महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो, इस बात का ख्याल रखा जा रहा है। दिन भर विभिन्न आयोजनों के साथ ही शाम को अतिथियों द्वारा विशेष पूजन किया जाएगा। इधर राजधानी में नर्मदा जयंती मंगलवार को उत्साह व श्रद्धा से मनाई जा रही है। एक दिन पहले ही मंदिरों व घाटों पर नर्मदा जयंती हेतु पूजन की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। आज इस पावन मौके पर कई जगह धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन किए जा रहेे हैं। तुलसी नगर स्थित नर्मदा मंदिर, शीतलदास की बगिया घाट पर प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम होने जा रहे हैं। आज जल कलश यात्राएं निकलेंगी। पूजा-अभिषेक व आरती होगी। नर्मदाष्टक पाठ होगा। शीतलदास की बगिया घाट पर नागरिक कल्याण समिति व अन्य कई संगठन बड़े तालाब में नर्मदा जल प्रवाहित कर दीपदान करेंगे।

Related Articles

Back to top button