फीचर्डराष्ट्रीय

UN जनरल असेंबली में PM मोदी दे सकते हैं सुषमा को मौका

susma-pmनई दिल्ली: सितंबर के आखिरी हफ्ते में होने वाली UN जनरल असेंबली की बहस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शायद नजर न आएं। सूत्रों के अनुसार मोदी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को इस बैठक में जाने का मौका दे सकते हैं। मोदी 25 सितंबर को न्यू यॉर्क में सतत विकास पर संयुक्त राष्ट्र की बैठक में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। उसके बाद पीएम सैन फ्रांसिस्को जाएंगे, जहां भारतीय मूल के लोगों और कारोबारियों के साथ उनकी बैठकें होनी हैं। पीएम 25 सितंबर को सतत विकास पर संयुक्त राष्ट्र के एक अहम शिखर सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं, जहां 2015 के बाद के लिए दुनिया के विकास का एक नया अजेंडा सामने रखा जा सकता है। इस बैठक में दुनियाभर के 150 बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अजेंडा में सतत विकास के 17 नए लक्ष्य शामिल हैं, जिनसे साल 2030 तक पर्यावरण की रक्षा करते हुए गरीबी मिटाने और समृद्धि लाने का लक्ष्य रखा जाना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस शिखर सम्मेलन के बाद मोदी 26 और 27 सितंबर को सैन फ्रांसिस्को जाएंगे। वहां सिलिकन वैली के टॉप ऐग्जिक्युटिव्स और भारतीय मूल के लोगों के साथ उनकी बैठकें होंगी। वह कुछ टॉप आईटी और टेक्नॉलजी कंपनियों के कैंपस का दौरा भी कर सकते हैं ताकि डिजिटल इंडिया प्रॉजेक्ट के लिए उनका समर्थन जुटाया जा सके। UN जनरल असेंबली के 70वें सत्र की उच्चस्तरीय चर्चा 28 सितंबर को शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक चलेगी। भारत को पहली अक्तूबर को इस समारोह को संबोधित करना है। अधिकारियों ने हालांकि कहा कि कार्यक्रम पक्का नहीं है और इसमें बदलाव हो सकता है और इसमें सुषमा स्वराज को जाने का मौका मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button