उत्तर प्रदेश

उन्‍नाव में पत्नी के प्रेमी ने की थी डाक्टर पति की हत्या फ‍िर हाईवे क‍िनारे फेंकी थी लाश

उन्नाव। महाराजपुर में उन्नाव के डाक्टर की हत्या कर शव फेंकने के मामले में चकेरी पुलिस ने देर रात सफलता पा ली। डाक्टर की पत्नी ने प्रेमी से पति की हत्या कराने के बाद शव को हाईवे किनारे फेंकवा दिया। गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए जाने पर पुलिस को शक हुआ तो कड़ाई से पूछताछ की गई। जिस पर प्रेमी ने हत्या करने की वारदात कबूली है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर ही शव बरामद किया है। पुलिस डाक्टर की पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है।

उन्नाव के आवास विकास निवासी 42 वर्षीय दांतों के डाक्टर गौरव सिंह सोमवार को पत्नी प्रियंका को छोड़ने के लिए नौबस्ता राजीव विहार स्थित ससुराल आये थे। यहां पत्नी को छोड़ने के बाद शाम छह बजे वह निकले थे। जाते वक्त उन्होंने पत्नी से एयरफोर्स स्टेशन कैंपस में रहने वाले अपने दोस्त मुदित से मिलकर घर जाने की बात कही थी। रात करीब नौ बजे वह मुदित के यहां से बस पकड़ कर उन्नाव जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।

10 बजे उनका मोबाइल स्विचआफ हो गया। मुदित ने अहिरवां पर उन्हें छोड़ने की जानकारी दी थी। घर न पहुंचने पर पत्नी प्रियंका मुदित के साथ पहले नौबस्ता थाने, वहां से महाराजपुर थाने गई। दोनों ही थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। इसके बाद वह लोग चकेरी थाने पहुंचे थे। जहां प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने डाक्टर की पत्नी प्रियंका और मृतक डाक्टर के दोस्त मुदित से पूछताछ शुरू की तो गोलमोल जवाब देने शुरू कर दिए।

संदेह बढ़ने पर पुलिस ने मुदित से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अवैध संबंधों में हत्या करने की बात कबूली। कड़ाई से हुई पूछताछ में सामने आया कि डाक्टर की पत्नी प्रियंका के मुदित से अवैध संबंध थे। दोनों मिलकर गौरव को रास्ते से हटाना चाहते थे। पत्नी का इशारा मिलने पर एयरफोर्स कर्मी मुदित ने वारदात को अंजाम दे डाला। मुदित के वारदात कबूलने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डाक्टर का शव बरामद किया है। एसीपी चकेरी अमरनाथ ने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब तक की छानबीन में मुदित के उन्नाव निवासी होने की जानकारी हुई है। यही कारण है कि दोनों एक दूसरे के दोस्त थे और घर का आना जाना भी था। इसी बीच डाक्टर की पत्नी से मुदित के अवैध संबंध हो गए थे। आठ-नौ साल से दोनों के बीच संबंधों की बात प्रकाश में आयी है।

Related Articles

Back to top button