
PET-2026 को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश, पुलिस एस्कॉर्ट और मजिस्ट्रेट की निगरानी में पहुंचेगी परीक्षा सामग्री; 35.41 लाख अभ्यर्थियों के लिए व्यापक इंतजाम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा सामग्री को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था करने तथा अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाने को कहा है। रेलवे और परिवहन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर अभ्यर्थियों की यात्रा सुगम बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित PET-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, परिवहन और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
35.41 लाख अभ्यर्थी, 60 जिलों में बनाए गए 1,372 केंद्र
PET-2026 में प्रदेशभर से 35.41 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में कुल 1,372 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 5,90,217 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
आगरा, अलीगढ़, झांसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और प्रयागराज समेत नौ जिलों में प्रत्येक पाली में 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त बसों और ट्रेनों की व्यवस्था करने पर जोर दिया है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो।
कमांड कंट्रोल रूम से होगी परीक्षा केंद्रों की निगरानी
परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग के मुख्यालय में कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने परीक्षा सामग्री की सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री को जिला कोषागार में सुरक्षित रखने तथा परीक्षा संपन्न होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुख्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके लिए मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की निगरानी में परिवहन किया जाएगा।
नकल और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने और गलत सूचनाओं पर समय रहते कार्रवाई करने को कहा।
परीक्षा केंद्रों पर नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और कक्ष निरीक्षकों तथा सहायक कर्मचारियों की समय पर तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने और सभी के पहचान पत्र जारी करने को कहा गया है। इसके अलावा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
लखनऊ में 45 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा
राजधानी लखनऊ में PET-2026 के लिए 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
अभ्यर्थियों को दो घंटे में 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तार्किक क्षमता, समसामयिक घटनाओं और सामान्य जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।



