जीवनशैलीस्वास्थ्य

महिलाओं को ज्यादा जरूरत होती है नींद की

शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए अच्छी नींद सबके लिए जरूरी है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को ज्यादा नींद की जरूरत होती है? नींद की समस्या आजकल सिर्फ वृद्ध ही नहीं बल्कि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। गहरी नींद न केवल हमारी शारीरिक बल्कि मानसिक तंदुरुस्ती के लिए भी आवश्यक होती है। हर दिन कितने घंटे सोना चाहिए, यह आपकी उम्र के साथ ही कई अन्य चीजों पर भी निर्भर करता है। एक व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए हर दिन कम से कम 7 से 8 घंटे तक अपनी आंखों और शरीर को आराम देना चाहिए। हाल ही में हुए एक अध्ययन में कहा गया है कि न सिर्फ आपकी उम्र बल्कि आपके लिंग भी यह निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है कि आपके लिए कितनी नींद पर्याप्त है। विशेषज्ञों के अनुसार महिलाओं चाहे किसी भी उम्र की हो, उन्हें पुरुषों से ज्यादा नींद की आवश्यकता होती है।

महिलाओं को पुरुषों की तुलना में लगभग 20 मिनट अधिक नींद की आवश्यकता होती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि मेडिकल साइंस के रिकॉर्ड भी बताते हैं कि महिलाओं में पुरुषों की तुलना में खराब नींद के मामले अधिक होते हैं। इसके लिए उनकी मल्टीटास्किंग की आदत सबसे ज्यादा जिम्मेदार है। दिन भर तरह-तरह के काम करने से उनके मस्तिष्क को रिकवर करने में ज्यादा समय लगता है। यही वजह है कि उन्हें फिट और स्वस्थ रहने के लिए रोजाना पुरुषों से लगभग 20 से 25 मिनट अधिक नींद लेने की जरूरत होती है।

महिला कामकाजी हो या फिर हाउसवाइफ, वह घर में पहले उठती है, बच्चों की देखभाल करती है, बच्चों के टिफिन और सबके खाने का इंतजाम करती है और अगर घर में कोई मेहमान आया है तो उनके आदर-सत्कार का जिम्मा भी महिलाओं के सिर ही होता है। इन सब कामों के लिए महिलाओं को अधिक शारीरिक और मानसिक ऊर्जा की जरूरत होती है। पर्याप्त नींद की कमी उनके शरीर और दिमाग पर इतना हानिकारक प्रभाव डालती है कि उन्हें सिर दर्द और तनाव होने लगता है। इसलिए यह बिल्कुल आश्चर्य की बात नहीं है कि उन्हें अधिक नींद की आवश्यकता होती है।

Related Articles

Back to top button