फीचर्डब्रेकिंगस्पोर्ट्स

प्रो कबड्‌डी लीग 6 : मोनू गोयत सबसे ज्यादा 1.51 करोड़ में बिके

मुंबई : प्रो कबड्‌डी लीग-6 के लिए बुधवार को नीलामी की गईं, जिसमें भारत के मोनू गोयत को हरियाणा स्टीलर्स ने 1.51 करोड़ रुपए में खरीदा। इस तरह वे इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। वैसे, पहले सीजन से अब तक यानी पिछले पांच साल में खिलाड़ियों की कीमत 12 गुना तक बढ़ गई है। नीलामी आज भी जारी रहेगी। इसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। एक टीम के पास अधिकतम 4 करोड़ का पर्स है। 9 टीमों ने 21 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। नीलामी के दोपहर के सत्र में न्यू यंग प्लेयर्स (एनवाईपी) की नीलामी हुई। गुजरात फॉर्च्यून जाएंट्स ने सबसे ज्यादा तीन एनवाईपी खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल किए। जबकि, तमिल थलाइवा, पुणेरी पलटन, जयपुर पिंक पैंथर्स, हरियाणा स्टीलर्स, दबंग दिल्ली ने एक-एक खिलाड़ियों पर बोली लगाई। 2014 में सबसे बड़ी बोली 12.80 लाख रुपए की थी। जबकि, इस सीजन में डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा। इस बार छह खिलाड़ियों की बोली एक करोड़ से ज्यादा लगी। पहले सीजन में एक टीम ने अधिकतम 60 लाख रुपए खर्च किए थे। जबकि, इस बार सिर्फ 9 खिलाड़ियों को ही 60 लाख रुपए से ज्यादा मिल गए। मोनू गोयत ने पिछले साल पटना पायरेट्स के लिए 39 मैच में 250 अंक बनाए थे। उन्होंने 9 बार सुपर-10 का स्कोर किया था। हरियाणा स्टीलर्स के मालिक मुस्तफा गाउसे ने कहा, मोनू हमारा टारगेट था। हम जानते थे कि उसकी बड़ी बोली लगेगी, लेकिन हम इसके लिए तैयार थे। वह लीड रेडर की भूमिका निभा सकता है। ईरान के फजल अत्राचली सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रहे। यू मुंबा ने उन पर एक करोड़ रुपए की बोली लगाई। फजल की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। रॉनी स्क्रूवाला की टीम की इस बोली को स्ट्रेटजिक मूव के तौर पर भी देखा जा रहा है। फजल प्रो कबड्‌डी के सबसे बेहतरीन डिफेंडरों में से एक हैं। वे लेफ्ट कॉर्नर डिफेंडर के तौर पर खेलते हैं। वे लीग के दूसरे सीजन में यू मुंबा की ही टीम में थे। तब मुंबा ने उन्हें सिर्फ 4 लाख रुपए में खरीदा था। यानी, चार साल में वे 25 गुना महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले वे गुजरात फॉर्च्यून जाएंट्स की टीम में थे। ईरान के ही डिफेंडर अबोजर दूसरे सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रहे। उन्हें 76 लाख में तेलुगू टाइटंस ने खरीदा।

Related Articles

Back to top button