उत्तर प्रदेश

आई.आई.टी.-जे.ई.ई. में सीएमएस छात्र को अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक

लखनऊ: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मेधावी छात्रों ने ‘आई.आई.टी.-जे.ई.ई. एडवांस परीक्षा’ में लखनऊ में ‘प्रथम तीनों स्थानों’ पर कब्जा जमाकर अपने मेधात्व का परचम लहराया है एवं विद्यालय के गौरवमयी इतिहास को बरकरार रखा है। आई.आई.टी.-जे.ई.ई. एडवांस परीक्षा परिणाम में जहाँ एक ओर सी.एम.एस. छात्र लक्ष्य शर्मा ने अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक अर्जित की है तो वहीं दूसरी ओर सी.एम.एस. छात्र अमन तिवारी, रोहन गुप्ता एवं सजल चौरसिया ने लखनऊ की मेरिट सूची में क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार सी.एम.एस. से कुल 81 छात्र इस प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग परीक्षा में चयनित हुए हैं। इसके अलावा, सी.एम.एस. के कई और छात्र भी आई.आई.टी.-जे.ई.ई. एडवांस परीक्षा में चयनित हुए हैं, जिनकी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के इन होनहार छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की है। डा. गाँधी ने सी.एम.एस. के कर्तव्यपरायण शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि सी.एम.एस. शिक्षकों के अथक परिश्रम का प्रतिफल है कि सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष आई.ए.एस., इन्जीनियरिंग, मेडिकल व अन्य व्यावसायिक सेवाओं में भारी संख्या में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button