
प्रयागराज में दुकानदार ने दुकान के बाहर लगाया ‘महिलाओं का आना मना है’ का बोर्ड, शराबियों की हरकतों से परेशान होकर उठाया कदम
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर महिलाओं के प्रवेश पर रोक लगाने वाला संदेश लिख दिया है। दुकान पर साफ शब्दों में लिखा है कि यहां महिलाओं का आना मना है और केवल पुरुष ही आ सकते हैं। इसके साथ ही दुकानदार ने एक और संदेश लिखा है- ‘हे भगवान! इस दुकान पर कम से कम ग्राहक भेजना।’ दुकान के बाहर लिखे इन संदेशों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।
शराबियों की हरकतों से परेशान हैं दुकानदार
यह दुकान प्रयागराज के राजापुर निवासी घनश्याम बाबा की है। दुकानदार के मुताबिक, उनकी दुकान के आसपास आबादी कम है और घरों का निर्माण भी सीमित है। ऐसे में शाम होते ही दुकान के आसपास शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है।
घनश्याम का आरोप है कि नशे में धुत लोग वहां से गुजरने वालों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। खासकर दुकान पर सामान खरीदने आने वाली महिलाओं को देखकर फब्तियां कसते हैं। इस वजह से महिलाएं असहज महसूस करती हैं और दुकान का माहौल भी खराब होता है।
महिलाओं की परेशानी को देखते हुए लिखा संदेश
घनश्याम के अनुसार, पहले उनकी दुकान पर महिलाएं भी खरीदारी करने आती थीं। लेकिन आसपास शराबियों की मौजूदगी और उनके अभद्र व्यवहार के कारण महिलाओं को परेशानी होने लगी। किसी अप्रिय घटना की आशंका से उन्होंने दुकान के बाहर महिलाओं के प्रवेश पर रोक लगाने वाला संदेश लिख दिया।
दुकानदार की दुकान की एक और खासियत है। उन्होंने इसके चारों ओर रामचरितमानस की चौपाइयां और संत कबीर के दोहे लिख रखे हैं। इनके बीच महिलाओं के प्रवेश पर रोक लगाने वाला संदेश लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वायरल वीडियो पर लोगों ने उठाए सवाल
दुकान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदार की परेशानी समझी जा सकती है, लेकिन शराबियों की हरकतों के कारण महिलाओं पर प्रतिबंध लगाना उचित समाधान नहीं है।
लोगों ने ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जरूरत बताई है, जो नशे में हुड़दंग करते हैं और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि उन्हें खरीदारी के लिए किसी तरह की रोक का सामना न करना पड़े।



