दिल्लीफीचर्डराष्ट्रीय

उत्तर भारत ठिठुरा, दिन के बाद अब रातें भी सर्द होंगी

delhi-coldनई दिल्ली। उत्तर भारत में रविवार को सर्दी ने दिल्ली समेत कई जगह पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मैदानी इलाकों में दिन का तापमान गिर रहा है। दो-तीन दिन में रातें ज्यादा सर्द होने लगेंगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरे की चादर लिपटी हुई है और मौसम सर्द बना हुआ है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पिछले पांच सालों में यह सबसे सर्द सोमवार है। मौसम विभाग ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई है, जिससे 50 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं और 12 का समय बदला गया है। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कम दृश्यता की वजह से देश के विभिन्न हिस्से से राष्ट्रीय राजधानी आने वाली 50 रेलगाड़ियां नियत समय से देरी से चल रही हैं, जबकि 12 का समय बदला गया है और एक को रद्द कर दिया गया है। मौसम विभाग ने आगे दिनभर आसमान में बादल घिरे रहने के आसार जताए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को दिनभर बादल घिरे रहेंगे और कोहरा छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में आद्रता सुबह 8.30 बजे 97 फीसदी दर्ज की गई। इधर, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है, इससे सर्द उत्तरी हवाओं का रुख एक बार फिर मैदानी क्षेत्रों की तरफ होगा। इससे सर्दी में तेजी से इजाफा होगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में गिरावट सात डिग्री तक रही। जबकि यूपी के बहराइच और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में यह गिरावट अधिकतम 12 डिग्री दर्ज की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। कानपुर में 14.4 तथा चंडीगढ़ में 9 डिग्री रहा जो सामान्य से 12 डिग्री कम है। गुलमर्ग में तापमान -2.8 डिग्री जबकि नैनीताल में 14 डिग्री रहा। पटना में तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा।

Related Articles

Back to top button