राष्ट्रीय

उद्योगपतियों को जल, जंगल और खदानें दे रहे हैं मोदी : राहुल

जगदलपुर : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे उद्योगपतियों को जल, जंगल और खदानें दे रहे हैं और उद्योगपति उनकी मार्केटिंग में लगे हुए हैं। श्री गांधी ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (भाराछासं) के’आमचो हक कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करते हुए यह आरोप लगाया। उन्होंने छात्रों से बस्तर के जल-जंगल-जमीन की बात की और उनके निशाने पर थी देश और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि बस्तर पर अगर किसी का हक है तो सिर्फ और सिर्फ आदिवासियों का। छत्तीसगढ़ के जल-जंगल-जमीन से आदिवासियों को बेदखल कर उद्योगपतियों को बेचने का काम किया जा रहा है। इसका फायदा उद्योगपति और भाजपा सरकार उठा रही है। कार्यक्रम में श्री गांधी ने छात्रों से पूछा आज बस्तर के भीतर इतनी अशांति क्यों है, क्यों आज भी बस्तर में हिंसा है, क्यों आदिवासियों को अपने हक के लिए लडऩा पड़ रहा है, क्यों बस्तर के भीतर लड़ाई जारी है। उन्होंने पूछा कि बस्तर में लड़ाई होने से किसका फायदा होता है। किसी ने कहा नक्सलवाद का, किसी ने जवाब दिया भाजपा और किसी ने कहा बस्तर में लड़ाई होने से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनती है।

छात्रों के इस जवाब में राहुल गांधी ने हां में हां मिलाते हुए कहा कि यही सच है। आप सब बिल्कुल ठीक कह रहे हैं, इसलिए भाजपा की सरकार बनती है। भाजपा और आरएसएस वाले चाहते ही हैं कि बस्तर में लड़ाई होती रहे, नक्सलवाद कभी खत्म ही नहीं हो और वे इसका राजनीतिक फायदा उठाते रहें। श्री गांधी ने कहा कि बस्तर हिंदुस्तान में सबसे अमीर है और यहां के आदिवासी देश में उतने ही गरीब हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक मात्र लक्ष्य है आदिवासी आपस में लड़ते रहे, मरते रहे। यही आज बस्तर के भीतर हो रहा है। श्री गांधी बस्तर के दो दिवसीय दौरे पर कल शाम चार बजे यहां पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button