मनोरंजन

ऋषि कपूर को अपना बेटा मानते थे ये दिग्गज अभिनेता, खबर सुनकर लगा सदमा

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन की खबर सुनकर हरकोई सदमे में हैं। बीते बुधवार तबीयत खराब होने के बाद ऋषि कपूर को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां अगले ही दिन 30 अप्रैल को उनका देहांत हो गया। फिल्म हस्तियां लगातार उन्हें यादकर सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रही हैं। इस बीच धर्मेंद्र ने ऋषि कपूर को याद करते कहा कि वो उनके बेटे जैसे थे।

ऋषि कपूर के निधन से धर्मेंद्र काफी दुखी हैं। उन्होंने ट्वीटर पर अभिनेता को याद करते अपने साथ उनकी एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में दोनों काफी खुश दिख रहे हैं। इसे शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने लिखा, ‘सदमे के बाद सदमा, ऋषि भी चला गया। उसने कैंसर के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। वो मेरे बेटे की तरह था। मैं बहुत दुखी और टूटा हुआ महसूस कर रहा हूं। उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना।’

धर्मेंद्र और ऋषि कपूर ने सितमगर, कातिलों के कातिल, शेरदिल, हथियार जैसी फिल्मों में काम किया था। ऋषि कपूर ने बाल कलाकार के तौर पर फिल्म मेरा नाम जोकर से डेब्यू किया था। इस फिल्म में धर्मेंद्र एक अहम भूमिका में थे। ये फिल्म सुपरहिट रही थी।

धर्मेंद्र के अलावा उनके बेटे सनी देओल ने भी ऋषि कपूर के निधन पर दुख जाताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘ऋषि कपूर के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं। एक महान सह-कलाकार और एक अच्छा दोस्त। मेरे विचार और प्रार्थना उनके परिवार के साथ है। आपको बहुत याद किया जाएगा।’

बता दें कि ऋषि कपूर और सनी देओल ने एक साथ दामिनी, इज्जत और निगाहें में एक साथ काम किया था। दोनों की फिल्म दामिनी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

 

Related Articles

Back to top button