उत्तराखंडराज्य

औली की बर्फीली ढलानों पर सैलानियों का तांता, धूप दे रही सुकून

देहरादून: नववर्ष का जश्न मना सैलानियों ने भले ही मसूरी और नैनीताल से लौटना शुरू कर दिया हो, लेकिन प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली में दृश्य अलग है। यहां पर्यटक बर्फीली ढलानों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। नए साल के पहले ही दिन हुई बर्फबारी से पर्यटकों का उत्साह चरम पर है। पहाड़ों पर चटख धूप की गरमाहट यहां आने वालों को सुकून दे रही है। वहीं, लगातार दूसरे दिन केदारनाथ में बर्फबारी का दौर जारी रहा, जबकि मैदानी इलाके कोहरे की मार से त्रस्त हैं।औली की बर्फीली ढलानों पर सैलानियों का तांता, धूप दे रही सुकून

एक जनवरी को बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही औली की ढलानें बर्फ से लकदक हो गईं। मंगलवार को धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर दोपहर बाद एकाएक केदारनाथ फिर मौसम ने करवट ली और हिमपात शुरू हो गया। इससे केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य भी रोकने पड़े। हालांकि बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में मौसम साफ रहा। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में पहाड़ों में धूप खिली रहेगी, लेकिन मैदानों में कोहरा बना रहेगा।

चमोली जिले के औली में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिले हैं। शाहदरा दिल्ली से नया साल मनाने आए तरुण शर्मा और कुनाल सिंह ने बताया कि यहां का एहसास अद्भुत है। हसीन वादियों में नया साल मनाने की अनुभति का वर्णन नहीं किया जा सकता। दोनों पहली बार औली आए हैं। उन्होंने कहा कि हम एक दिन के लिए आए थे कुछ और दिन बिताने का इरादा है।

कोहरे ने थामी रफ्तार

हरिद्वार और रुड़की, हल्द्वानी, उधमसिंह नगर में सुबह से कोहरे और जबरदस्त सर्दी से लोग परेशान रहे। घने कोहरे ने जहां वाहनों की रफ्तार थम रही है, वहीं सर्द हवा खून जमाने वाली साबित हो रही है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम यानी 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

Related Articles

Back to top button