उत्तर प्रदेश

करोड़ों की सम्पत्ति हड़पने के लिए रची थी साजिश

सगी बहनों की हत्या में पिता-पुत्र गिरफ्तार, पुलिस को करते रहे गुमराह

लखनऊ। गुडम्बा पुलिस ने सगी बहनों की हत्या करने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने करोड़ों की सम्पत्ति हड़पने के लिए योजना बनाई थी, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करते रहे। हालांकि उनकी लोकेशन वारदात के समय देर रात तक मौके पर मिली थी, जिसके कारण वह पुलिस रडार पर थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर गुडम्बा अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि जानकीपुरम के सेक्टर एच निवासी धु्रव श्रीवास्तव और इसके पिता अंजनी कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों बहनों ने शादी नहीं की थी। लिहाजा उन्होंने अपने बैक खाते में भाई अंजनी और उसकी बेटी ऋचा को नामिनी बनाया था। पुलिस जांच में सामने आया कि करोड़ो रुपये का मकान और दोनों बहनों के खाते में बैंक बैलेंस भी था। मृतका ने पूर्व में भी अपने एक करीबी रिश्तेदार से अपनी हत्या की आशंका जाहिर की थी। जुग्गन के न रहने पर यह पूरी जायदाद अंजनी को ही मिलनी थी। लेकिन अंजनी और उसका बेटा धु्रव आए दिन जुग्गन पर रुपए देने का दबाव बनाते थे। इसी से परेशान होकर जुग्गन ने संपति को अपनी बहन संदल के नाम करने की योजना बना ली थी। तभी से आरोपी बाप बेटे दोनों बहनों को ठिकाने लगाने की फिराक में घूम रहे थे। इसी बीच उन्हें मौका मिल गया और आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी थी।
मौके पर मिली थी लोकेशन
आरोपी बाप बेटे लगातार पुलिस को गुमराह कर रहे थे। पहले तो पुलिस ने उनकी बातों को सच माना और लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई थी लेकिन जब आरोपियों पर शक गहराया तो पुलिस ने बाप बेटों की मोबाइल लोकेशन खंगाली। जिसके बाद यह साफ हो गया कि दोनों ही झूठ बोल रहे हैं। जब दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया तो उनके बयान भी बदल गए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों से सच कबूल करा लिया।

Related Articles

Back to top button