अपराध

फरीदाबाद के होटल में महिला की संदिग्ध मौत, सुबह युवक के साथ लिया था कमरा; रात को बिस्तर पर मिली लाश

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित एक होटल में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला शनिवार सुबह एक युवक के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा लिया था। रात में होटल कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो महिला बिस्तर पर बेसुध पड़ी मिली, जबकि उसके साथ आया युवक वहां से गायब था। मृतका की पहचान बिहार निवासी चांदनी के रूप में हुई है। होटल के रिकॉर्ड में युवक का नाम शेखर दर्ज है।

सुबह 10 बजे होटल पहुंचे थे दोनों

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, चांदनी और शेखर शनिवार सुबह करीब 10 बजे होटल आए थे। दोनों ने कमरा लेने के दौरान खुद को पति-पत्नी बताया था। दिनभर वे कमरे में ही रहे और दोपहर में बाहर से खाना लेकर आए थे।

रात की पाली में ड्यूटी कर रहा कर्मचारी जब कमरे की तरफ पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर चांदनी बिस्तर पर पड़ी थी। कर्मचारी ने उसे आवाज दी और उठाने की कोशिश की, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने होटल मैनेजर और अन्य कर्मचारियों को सूचना दी।

गले पर मिले निशान, हत्या का मामला दर्ज

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार, महिला के गले पर निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने होटल संचालक की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। बिहार में रहने वाले महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पलवल में अकेले रहती थी महिला, पति बेंगलुरु में करता है नौकरी

जानकारी के मुताबिक, चांदनी पलवल में किराए के मकान में अकेली रहती थी और मजदूरी करके अपना गुजारा करती थी। उसका पति बेंगलुरु में नौकरी करता है, जबकि बच्चे गांव में रहते हैं।

महिला के साथ होटल पहुंचा शेखर भी मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, वह स्थानीय स्तर पर कहां रहता था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button