अन्तर्राष्ट्रीय

कोरोना वायरस: अमेरिका में एक ही दिन में 32 हजार संक्रमित, 1480 की मौत

कोरोना वायरस के कहर से पूरी दुनिया त्राहिमाम कर रही है। दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका इस वायरस के आगे घुटने टेक चुका है। यहां स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में दो लाख 77 हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज हैं, जबकि सात हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका में बृहस्पतिवार और शुक्रवार के बीच कोविड-19 संक्रमण के कारण 1480 लोगों की मौत हो गई जो यह महामारी फैलने के बाद दुनिया के किसी भी देश में 24 घंटों में मृतकों की सबसे अधिक संख्या है। जॉन्स हॉप्किंस विश्वविद्यालय के ट्रैकर ने यह आंकड़ें दिए हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, गुरुवार को रात साढ़े आठ बजे से शुक्रवार को उसी समय के बीच 1,480 लोगों की मौत हुई। अमेरिका में इस संक्रामक रोग से अब तक 7,406 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब 12 हजार लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ते देख अमेरिकी सरकार ने माना कि अगले दो दिनों में स्थिति और भयावह होने वाली है।

घर में रहने का आदेश नहीं मान रहे लोग
इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मरीजों और मौत के बावजूद ट्रंप ने अभी तक अमेरिका में लॉकडाउन की घोषणा नहीं की है। हालांकि सरकार ने लोगों को घर में रहने का आदेश जारी किया है। अमेरिका के सभी 50 राज्यों में कोरोना का असर है, लेकिन न्यूयॉर्क और फ्लारिडा ज्यादा प्रभावित है। देश के पश्चिम, पूर्वोत्तर और मध्य पूर्व इलाकों में लोग इसका अच्छे से पालन कर रहे हैं। लेकिन फ्लोरिडा, कोलोराडो और दक्षिण-पूर्व के इलाकों में लोग अब भी यात्रा कर रहे हैं।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने 1.5 करोड़ लोगों के सेलफोन डेटा के आधार पर विश्लेषण किया है कि पांच लाख से अधिक आबादी वाली 20 काउंटी में लोगों ने एक महीने में कम से कम औसतन 3.38 किमी की यात्रा की। यह डाटा 28 फरवरी से 27 मार्च तक के हैं।

Related Articles

Back to top button