राष्ट्रीय

गायत्री परिवार ने छेड़ा पर्यावरण मित्र प्रतिमा अभियान

gaytri-peethहरिद्वार, 4 अक्टूबर | प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के स्थान पर पर्यावरण मित्र प्रतिमाएं स्थापित करने के अभियान में जुटी अखिल विश्व गायत्री परिवार गणेश पूजन के बाद अब दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को जागरूक करने में जुट गया है। इसके लिए मिट्टी एवं सुपारी की मूर्तियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने आईएएनएस से कहा कि गणेश पूजन के दौरान अभियान को मिली सफलता के बाद दुर्गा पूजन के दौरान भी यह मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आठ करोड़ साधकों के गायत्री परिवार ने पर्यावरण मित्र प्रतिमाओं की एक देशव्यापी मुहिम चलायी है। इसके लिए मिट्टी एवं सुपारी की मूर्तियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज में पर्यावरण कार्यकर्ताओं की एक गोष्ठी को संबोधित करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा, “हमारी संस्कृति प्रकृति की आराधक है इसलिए किसी भी देवी-देवता की आराधना प्रकृति को क्षति पहुंचाकर नहीं, बल्कि उसका संरक्षण करके ही की जा सकती है।”

 प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के निर्माण के प्रमुख केंद्र बुरहानपुर, मध्य प्रदेश में पर्यावरण मित्र प्रतिमाओं की पहल कर रहे मनोज तिवारी के मुताबिक, इस शहर में इस साल लगभग आठ हजार मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का निर्माण हुआ, जो लगभग कुल मूर्ति निर्माण का पचीस फीसदी था। पर्यावरण मित्र प्रतिमाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए गायत्री परिवार ने लगभग दस हजार विद्यार्थियों को अपनी मुहिम से जोड़ा। इसके अलावा मूर्तियों के साथ विसर्जित होने वाले वस्त्र, हार, पूजन सामग्री आदि को विघटित कर खाद बनाने की मुहिम भी परिवार ने चलाई है।

गायत्री परिवार के मुंबई युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता जतिन दवे ने बताया कि मुंबई के युवाओं ने गणेश विसर्जन के दूसरे दिन जुहू चौपाटी पर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया। दवे के मुताबिक, प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के कारण स्थान स्थान पर अर्धविसर्जित मूर्तियों के जैविक विघटन का अभियान चलाया गया, ताकि जल को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

कोलकाता में गायत्री परिवार से संबद्ध एन्वायरमेंटल संडे संस्था के प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि शहर में पर्यावरण मित्र प्रतिमाओं को बढ़ावा देने के लिए दुर्गा पूजा क्लबों से संपर्क अभियान चलाया गया है। इस साल लाखांे लोगों की आस्था के केंद्र पीएलएस नगर पंडाल समेत अनेक स्थानों पर इस बार मिट्टी की प्रतिमाएं सुशोभित होंगी। गायत्री परिवार में सप्त आंदोलन प्रभारी केदार प्रसाद दुबे ने बताया कि गायत्री परिवार ने नदियों के संरक्षण के लिए हरी चूनर अभियान चलाया है, जिसके अंतर्गत मध्य प्रदेश में नर्मदा और ताप्ती, राजस्थान की बनास आदि नदियों के किनारों छायादार वृक्ष लगाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हर पर्व पर गायत्री परिवार प्रसाद के रूप में पौधा वितरण का अभियान चला रहा है। अब तक एक करोड़ पौधों का वितरण किया जा चुका है, जिसका परिणाम आने वाले वर्षो में समाज को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button