ज्ञान भंडारटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

जनता से किए वादे पूरा करने के लिए समर्पण से जुटी है सरकार: गहलोत

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कोरोना की चुनौती के बावजूद विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी है। हमने इस वित्तीय वर्ष के बजट में हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं को निर्धारित टाइमलाइन में पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के लिए सरकार समर्पण भाव के साथ जुटी हुई है। हमारा पूरा प्रयास है कि आमजन की तकलीफें दूर हों और राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयां छुए।
गहलोत रविवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जोधपुर जिले में विभिन्न 20 विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से 5 कार्यों का लोकार्पण तथा 113 करोड़ 38 लाख रूपए की लागत से 15 कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें विकास की धुरी हैं, इसलिए राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेशभर में सड़कों के विकास में किसी तरह की कमी नहीं रहे। हमारा यह भी प्रयास है कि सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। राजस्थान में विगत वर्षों में सड़कों का तेजी से विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का दायरा बढ़ा है, इसका लाभ यहां की जनता को मिल रहा है। राज्य सरकार बिजली, पानी, सड़क सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा पर भी विशेष जोर दे रही है। कोविड के इस चुनौतीपूर्ण दौर में जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है।
 गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के बेहतरीन प्रबंधन से कोरोना संक्रमण में तेजी से गिरावट आई है, लेकिन संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और तीसरी लहर की आशंका भी बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशवासी कोविड प्रोटोकाल की निरंतर पालना करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। थानों में उचित माहौल में फरियादियों की सुनवाई के लिए स्वागत कक्षों का निर्माण, अनिवार्य एफआईआर रजिस्‍ट्रेशन जैसे फैसलों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने कहा कि जोधपुर में किसान काम्प्लेक्स की आश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। आज इसका शिलान्यास हो गया है और दिसम्बर, 2022 तक इसका कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बनने से कृषि विभाग के अधिकतर काम एक ही स्थान पर हो सकेंगे। इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि आधुनिक रोडवेज बस स्टैण्ड का शिलान्यास होने से जोधपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान माडल स्टेट के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

Related Articles

Back to top button