दिल्लीफीचर्डराष्ट्रीय

जर्मन चांसलर मर्केल ने अनोखे तोहफे से जीता प्रधानमंत्री मोदी का दिल

दस्तक टाइम्स / एजेंसी
modi-angela-dorothea-merkel-552d4c5fdc179_lनई दिल्ली: जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज यहां दसवीं शताब्दी की महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा भेंट की जो दो दशक पहले जम्मू-कश्मीर के एक मंदिर से गायब होकर मूर्ति तस्करों के हाथों जर्मनी पहुंच गई थी। तीन दिवसीय भारत दौरे पर आईं जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने अपने अनोखे तोहफे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गदगद कर दिया। यह प्रतिमा हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री एवं जर्मन चांसलर के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनके बीच रखी गई थी। बैठक के बाद जैसे ही दोनों नेता मीडिया ब्रीफिंग कक्ष में पहुंचे, मोदी ने मर्केल को प्रतिमा के महत्व के बारे में जानकारी दी। यह प्रतिमा तीन साल पहले स्टटगार्ट के एक संग्रहालय में पायी गयी थी। अपने वक्तव्य में मोदी ने जर्मन चांसलर का आभार जताते हुए कहा कि वह जम्मू-कश्मीर की इस महिषासुर मर्दिनी के अवतार वाली दुर्गा प्रतिमा को लौटाने के लिए मर्केल एवं जर्मनी के लोगों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हैं। यह बुराई पर अच्छाई की जीत की प्रतीक है। मर्केल ने कहा, ‘‘हम दुर्गा प्रतिमा को लौटाने में समर्थ हुए। मेरे विचार में यह दर्शाता है कि भारत के लोगों को हम कितना महत्व देते हैं।’’ यह प्रतिमा पुलवामा के एक मंदिर से 1990 मेें चोरी हो गई थी। इसकी चोरी की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वर्ष 2012 भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने जर्मनी के लिडेन संग्रहालय में पाये जाने की सूचना मिलने पर अपने दो अधिकारियों को पुलिस की प्राथमिकी के साथ स्टटगार्ट भेजा था। भारत ने जर्मनी की सरकार के साथ इस विषय को उठाया था। इस प्रतिमा की चोरी के पीछे कुख्यात मूर्ति तस्कर सुभाष कपूर की भूमिका मानी जाती है। उसे 2011 में जर्मनी में गिरफ्तार किया गया था।

Related Articles

Back to top button