मनोरंजन

जानिए ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ और ‘भूत’ का अब तक का कलेक्शन

‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ और ‘भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप’ के लिए वीकेंड के बाद की रफ्तार धीमी हो गई है। इन दोनों फिल्मों के कलेक्शन में छठे दिन 10 से 12 फीसदी की गिरावट देखी गई। जानिए इन दोनों फिल्मों ने छठे दिन कितना कलेक्शन किया।

आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ ने छठे दिन 2.60 और 2.65 करोड़ का कलेक्शन किया। ये कलेक्शन पांचवें दिन की तुलना में भी कम है। इस फिल्म ने अभी तक पहले दिन 9.55 करोड़, दूसरे दिन 11.08 करोड़, तीसरे दिन 12.03 करोड़ ,चौथे दिन 3.87 करोड़ और पांचवें दिन 3.07 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह से ये फिल्म छठे दिन को मिलाकर 42.2 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।

विक्की कौशल की ‘भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप’ फिल्म की बात करें तो इस फिल्म के कलेक्शन में 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। छठे दिन ये फिल्म महज 1.60 से 1.65 करोड़ का कलेक्शन जुटा पाई। अभी तक के इस फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो पहले दिन 5.10, दूसरे दिन 5.52, तीसरे दिन 5.74 और चौथे दिन 2.32 करोड़ और पांचवें दिन 2.10 करोड़ का कलेक्शन किया। यानी की ये फिल्म अभी तक 22.88 का कलेक्शन जुटा पाई है।

इन दोनों के कलेक्शन से साफ है कि दर्शकों को ये दोनों फिल्में सिनेमाघरों तक खींचने में सफल नहीं रहीं। ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ का बजट 50 करोड़ है जबकि ‘भूत’ फिल्म का बजट 30 करोड़ है। ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ को भारत में 2500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। वहीं ‘भूत’ को भारत में 2000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। इन दोनों के कलेक्शन में 28 फरवरी से और भी गिरावट हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि तापसी पन्नू की फिल्म ‘थप्पड़’ रिलीज हो रही है।

इस फिल्म में तापसी एक शादीशुदा महिला की भूमिका में हैं। इस फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है। फिल्म रिलीज से पहले अभिनेत्री प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म के बाद तापसी ‘हसीन दिलरूबा’ में नजर आएंगी। फिल्म में उनके अपोजिट विक्रांत मैसी भी हैं। इसके अलावा वह ‘शाबाश मिट्ठू’ में एक क्रिकेटर के तौर पर दिखेंगी। यह फिल्म भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज की बायोपिक है।

Related Articles

Back to top button