Business News - व्यापार

पाम तेल का आयात 10 फीसदी बढ़ा

नई दिल्ली (एजेंसी)। कमजोर घरेलू उत्पादन के कारण अक्टूबर में समाप्त हुए विपणन वर्ष 2016-17 में पामतेल का आयात 10.06 प्रतिशत बढ़कर 92.93 लाख टन हो गया। तेल उद्योगों के प्रमुख संगठन साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन (एसईए) ने यह जानकारी दी है। दुनिया में वनस्पति तेल के प्रमुख खरीदार भारत ने पिछले विपणन वर्ष नवंबर से अक्टूबर के दौरान 84.43 लाख टन पाम तेल का आयात किया था।

पाम तेल का आयात 10 फीसदी बढ़ा

देश के कुल वनस्पति तेल का आयात (खाद्य एवं अखाद्य) वर्ष 2016-17 में 4.75 प्रतिशत बढ़कर 154.40 लाख टन हो गया जो आयात पिछले वर्ष 147.38 लाख टन था। वनस्पति तेल के आयात में से पाम तेल का हिस्सा 60 प्रतिशत से भी अधिक का है। एसईए के अनुसार बेहतर घरेलू तिलहन उत्पादन होने और खाद्य तेलों की बेहतर आपूर्ति के कारण विपणन वर्ष 2016-17 की पहली तिमाही में देश के आयात में कमी आई थी।

पाम तेल उत्पादों में आरबीडी पामोलीन का आयात वर्ष 2016-17 में बढ़कर 28.71 लाख टन हो गया जो एक साल पहले समान अवधि में 26.23 लाख टन था। समीक्षाधीन अवधि में कच्चे पामतेल (सीपीओ) का आयात बढ़कर 63.53 लाख टन हो गया जो पहले 57.49 लाख टन था जबकि कच्चे पाम गरी तेल (सीपीकेओ) का आयात 71,000 टन से बढ़कर 87,000 टन हो गया।

Related Articles

Back to top button