मनोरंजन

पुनर्जन्म के पन्ने खोलेगी ‘प्यार को सलाम’

मुंबई : पुनर्जन्म पर आधारित अधिकांश फिल्मों की कहानियां प्रेम के रंग में डूबी होती हैं। अब तक कई ऐसी फिल्में बन चुकी हैं जिसमें हीरो—हीरोइन किसी न किसी रूप में अगले जन्म में दोबारा मिलते हैं और फिर शुरू होती एक एक नई कहानी, जो पिछले जन्म से जुड़ी होती है। हालांकि पुनर्जन्म की कहानी को ले कर बॉलीवुड में कई फिल्में बन चुकी हैं और हिट भी रही हैं। चाहे ‘कर्ज़’ की बात करें या फिर ‘करण-अर्जुन’ की। एक तरह से निर्देशकों के लिए ये फार्मूला मील का पत्थर साबित हुआ है। पुनर्जन्म पर आधारित एक और फिल्म इन दिनों सुर्खियों में है जिसका नाम है ‘प्यार को सलाम’।
यह फिल्म तीन कलाकारों के इर्द-गिर्द घूमती है जिनके नाम हैं रोशन, सूर्य वीर और आंचल। रोशन आज के दौर का लडक़ा है जिसे कॉलेज में मूर्ख समझा जाता है। वह हर किसी से मार खाता है। एक दिन दस-बारह गुंडे उसे मारने आते हैं। उसी दौरान रोशन के दो सौ कदम की दूरी पर एक लड़की आ जाती है जिसे देखते ही रोशन में चमत्कारिक रूप से शक्ति आ जाती है और उसके बाद तो वह देखते ही देखते सभी गुंडों की हालत खराब कर देता है। कॉलेज के स्टूडेंट्स हैरान होते हैं कि रोशन में अचानक इतनी पॉवर कैसे आ गई। यही तो पुनर्जन्म का रहस्य है। रोशन के पुनर्जन्म का नाम सूर्यवीर है जिसकी भूमिका विशाल शर्मा ने निभाई है। अगले जन्म में योगेश रोशन का कैरेक्टर प्ले कर रहे हैं। आरती शर्मा ने आंचल का कैरेक्टर प्ले किया है, जिनका पुनर्जन्म में नाम सौंदर्य था।
हैरानी की बात तो ये है कि जब-जब वो लड़की रोशन के दो सौ गज के फासले पर आती है, रोशन में पॉवर आ जाती है और लड़की के जाते ही वह नॉर्मल हो जाता है। बताया जाता है कि पिछले जन्म में रोशन सूर्यवीर नाम का एक योद्धा था और उसी लड़की का सुरक्षा कवच था जो इस जन्म में कई बार रोशन के पास आती है। पिछले जन्म में दोनों को मार दिया जाता है और फिर वे अगला जन्म लेते हैं। क्या वे अपना बदला ले पाएंगे, जिसने उनका कत्ल किया था? फिल्म का रहस्य यही है। फिल्म का सबसे अहम पात्र है खलनायक महाकाल, जिसका किरदार निभाया है दिलावर खान ने। दोनों ही जन्मों में दिलावर ही खलनायक बने हैं।
रीत मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक हैं विनोद गुर्जर और निर्देशन में ही उनका साथ दे रहे हैं एसोसिएट डायरेक्टर विनोद विकट। फिल्म में प्रदीप कुमार का भी अहम किरदार है, जो फिल्म टारगेट इंडिया में भी मेन लीड में हैं। योगेश उपाध्याय की यह डेब्यू फिल्म है और वह फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर भी हैं। बता दें कि विनोद गुज्जर की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्होंने ‘क्या आशिकी है हमको बताओ’ बनाई थी जिसका म्यूज़िक रिलीज़ हो चुका है। यह फिल्म भी जल्द प्रदर्शित होगी।

Related Articles

Back to top button