फीचर्डराष्ट्रीय

बिहार चुनावः अमित शाह टिकटों का मसला सुलझाने में जुटे

दस्तक टाइम्स/एजेंसी
Amit-Shahनई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का मसला सुलझाने में जुटे रहे। उन्होंने शनिवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले प्रदेश कोर ग्रुप के साथ दो दौर में लंबी मंत्रणा की। बिहार के लिए भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची शनिवार को जारी की जाएगी। इस बीच, रालोसपा व लोजपा नेताओं ने अपने हिस्से की कुछ सीटों को लेकर भाजपा नेताओं से मुलाकातें कीं। दोनों दल अपने हिस्से में आई सीटों से संतुष्ट नहीं हैं। रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव के साथ दो दौर में विस्तृत चर्चा की। पार्टी नेताओं से विमर्श: एनडीए में सीटों के बंटवारे के तहत राज्य की 243 सीटों में से 160 पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में 43 उम्मीदवारों की घोषणा की है। बाकी 117 सीटों के लिए उम्मीदवार तय करना बाकी है। सूत्रों के अनुसार दूसरी सूची में 60 से 70 उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है। कुछ सीटों के लिए भाजपा राजद-जदयू महागठबंधन के उम्मीदवारों के सामने आने का इंतजार करना चाहती है। शुक्रवार को शाह के साथ चले बैठकों के दौर में प्रदेश के प्रमुख नेता सुशील मोदी, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडे, भूपेंद्र यादव आदि शामिल थे।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा के नेताओं के बेटे-बेटियों के साथ रिश्तेदारों को टिकट देने के मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व सख्त है। हालांकि पूर्व सांसद लालमुनि चौबे के बेटे हेमंत चौबे को टिकट मिल सकता है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के दौरान लालमुनि चौबे को लोकसभा चुनाव लड़ने से रोकने में भविष्य में उनका ख्याल रखने का वादा किया गया था। उस समय नरेंद्र मोदी ने खुद चौबे से बात की थी।
इस बीच, अपनी अपनी पसंद की लगभग आधा दर्जन सीटों के लिए रालोसपा व लोजपा नेता भाजपा नेताओं से चर्चा करने में व्यस्त रहे। लोजपा जमुई व चकाई समेत लगभग छह सीटों को भाजपा से अपने कोटे में लाना चाहती है। यही स्थिति रालोसपा की भी है। उसके नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भूपेंद्र यादव से दो बार बात की है। रालोसपा में भी बैठकों का दौर जारी है और वह अपने हिस्से की 23 सीटों के लिए एक-दो दिन में उम्मीदवार घोषित कर देगी। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता सहयोगी दलों के उम्मीदवारों पर भी नजर रखे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button