मनोरंजन

बॉलीवुड में एंट्री करने जा रहे हैं विजय देवरकोंडा, अनन्या पांडेय होंगी हीरोइन..

2019 में आयी शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की फ़िल्म कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफ़िस पर जिस तरह शानदार प्रदर्शन किया, उसने ओरिजिनल फ़िल्म अर्जुन रेड्डी के हीरो विजय देवरकोंडा को भी हिंदी सिनेमा के दर्शकों के बीच पहचान मिली। कबीर सिंह की शोहरत का असर यह हुआ कि लोगों ने सबटाइटल्स के साथ तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी देखी, जिसने विजय देवरकोंडा की लोकप्रियता में चार चांद लगा दिये।

इसी शोहरत का सिला यह है कि विजय देवरकोंडा अब फ़िल्म के ज़रिए हिंदी सिनेमा के दर्शकों के बीच पहुंचेगे। विजय को हिंदी सिनेमा में लाने की ज़िम्मेदारी करण जौहर ने उठाई है। फ़िल्म का शीर्षक अभी तय नहीं है, मगर स्टार कास्ट और क्रू ने शूटिंग शुरू कर दी है। फ़िल्म का निर्देशन साउथ के एक्शन डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ कर रहे हैं। यह बहुभाषी फ़िल्म होगी, जो तेलुगु के साथ हिंदी में भी बनाई और रिलीज़ की जाएगी। फ़िल्म में करण की स्टूडेंट अनन्या पांडेय विजय की हीरोइन बनी हैं।

वहीं, दक्षिण भारत की एक और लोकप्रिय अभिनेत्री चार्मी कौर भी फ़िल्म में अहम रोल में दिखेंगी। चार्मी को दर्शक अमिताभ बच्चन की फ़िल्म बुड्ढा होगा तेरा बाप और ज़िला गाज़ियाबाद में देख चुके हैं। शाहिद की आर… राजकुमार के गंदी बात गाने में भी चार्मी कौर नज़र आयी थीं। विजय ने भी अनन्या पांडेय का स्वागत करते हुए इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट की हैं।

अनन्या पांडेय ने करण की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनकी दूसरी फ़िल्म पति पत्नी और वो पिछले साल आयी, जिसमें अनन्या नेे कार्तिक आर्यन के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था। अनन्या को बेस्ट डेब्यूटेंट एक्ट्रेस का फ़िल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला है। इस फ़िल्म के अलावा अनन्या ईशान खट्टर के साथ खाली पीली में भी दिखेंगी।

Related Articles

Back to top button