State News- राज्यउत्तर प्रदेश

भाजपा सांसद नेपाल सिंह का शहीदों पर बेतुका बयान, फिर मांगी माफी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी में विवादित बयान देने वाले नेताओं की लिस्ट में नया नाम रामपुर से सांसद नेपाल सिंह का भी जुड़ गया है। उन्होंने सेना के शहीदों को लेकर एक बेतुका बयान देने के बाद माफी भी मांग ली है। भारतीय जनता पार्टी में सांसद साक्षी महाराज के साथ ही विधायक संगीत सोम तथा केंद्रीय मंत्री उमा भारती व साध्वी निरंजन विवादित बयान देने में काफी आगे हैं। इनके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव संजीव बालियान, व राज्यसभा सदस्य विनय कटियार भी आग उगलते हैं। पार्टी के विवादित बयान देने वाले नेताओं की फेहरिस्त में अब नेपाल सिंह का नाम भी जुड़ गया है।भाजपा सांसद नेपाल सिंह का शहीदों पर बेतुका बयान, फिर मांगी माफी

भारतीय जनता पार्टी बेशक अपने सबसे बेहतरीन राजनैतिक समय से गुजर रही है, लेकिन पार्टी के बड़बोले नेताओं ने समय-समय पर पार्टी की लुटिया डुबाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसी क्रम में कल उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से भाजपा सांसद नेपाल सिंह ने भारतीय सेना को लेकर विवादित बयान दे दिया। भारतीय जनता पार्टी के रामपुर से सांसद नेपाल सिंह ने सेना के जवानों की शहादत पर विवादित बयान देने के बाद माफी भी मांग ली है। कश्मीर में आतंकी हमले में जवानों के शहीद होने पर सांसद नेपाल सिंह ने कल काफी विवादित बयान दिया।

नेपाल सिंह ने कहा है कि सेना के जवान तो रोज मरेंगे। ऐसा कोई ऐसा देश है जहां आर्मी का जवान न मरता हो। उन्होंने कहा कि गांव में भी झगड़ा होता है तो कोई ना कोई घायल होता है। सांसद ने कहा कि ऐसी कोई डिवाइस बताओ जिससे कोई आदमी न मरा हो। ऐसी कोई चीज बताओ जिसमें गोली काम न करे। सांसद ने पत्रकारों से ही सवाल कर डाला कि वे कोई ऐसी डिवाइस बताएं, जिसके प्रयोग से ज़वान न मरते हों। सांसद ने आगे कहा कि यह गोरिल्ला वार है, जिसमे एक दूसरे को सरप्राइज करते है। ऐसे मे तो मरेंगे ही। सांसद ने  पत्रकारों से कहा कि आर्मी न मरे, आप इसका इलाज लेकर आइये।

हालांकि इसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने सेना के अपमान की बात नहीं की, मुझे दुख है और माफी मांगता हूं, पर मैंने ऐसा कुछ कहा नहीं। उन्होंने कहा कि मैंने ये बोला था कि वैज्ञानिक लगे हुए और कोई डिवाइस ढूंढ रहे हैं कि कोई गोली आए तो लगे नहीं सिपाही की प्रोटेक्शन हो जाए। गौरतलब है कि कल दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के शिविर पर हथियारों से लैस कुछ आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें पांच जवान शहीद हुए थे। इस आतंकी हमले में तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।

सांसद ने बांटे गरीबों को कंबल, कम पड़ गए

रामपुर के मिलक में कल सांसद नेपाल सिंह ने गरीबों को कंबल बांटे। निरीक्षण भवन में हुए कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान सिर्फ 200 को भी कंबल मिल सके। अधिक लोग आने के कारण कंबल पड़ गए। सांसद ने कंबल लेने आई महिलाओं से हाथ जोड़कर कहा कि कंबल मात्र 200 हैं और लोग अधिक संख्या में आ गए। उन्होंने कहा कि मैं अगली बार फिर आकर अन्य सभी को कंबल दूंगा।

Related Articles

Back to top button