उत्तर प्रदेशब्रेकिंगमुरादाबादराज्य

मुरादाबाद में खुलेंगी बाढ़ चौकियां, गांवों की निगरानी शुरू

मुरादाबाद : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद सहित सात जिलों में मौसम विभाग ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते मुरादाबाद में बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारी करनी शुरू कर दी है। रामगंगा नदी में उफान आने पर बाढ़ से प्रभावित होने वाले तहसील सदर के 23 गांवों की कड़ी निगरानी कराई जा रही है। अन्य तहसीलों में भी बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों के लोगों को अभी से अलर्ट किया गया है। अगले-एक दो दिन में बाढ़ चौकियां खोल दी जाएंगी। राहत के लिए प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। बाढ़ राहत के लिए 34 चौकियां खोली जाएंगी। इन पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है।


हालांकि बाढ़ खंड के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि अभी दो महीने तक बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। फिर भी प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ खंड तैयारियां अभी से कर रहा है। अपर जिलाधिकारी प्रीति जायसवाल के अनुसार नदी के किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्हें बताया गया है कि वह किनारों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो जाएं और यदि कोई स्थान नहीं हो तो कंट्रोल रूम को बताएं ताकि उनके सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराई जा सके। इसकी सूचना संबंधित तहसील लेखपाल को दे सकते हैं। यह भी देखा जाता है कि नदी के किनारे कुछ लोग अवैध रूप से रहने लगते हैं। ऐसे लोग बाढ़ से पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं तो बेहतर होगा। ठाकुरद्वारा तहसील में रायपुर गांव में बाढ़ का पानी भर जाता है, वहां पर भी सिंचाई विभाग द्वारा काम किया गया है। इस वर्ष गांव में पानी आने की संभावना नहीं है। इसी प्रकार हरिदेवपुर, लोडिया, मूंढापांडे में भी जो कटान होने लगता था उस पर भी काम किया गया है, वह भी बाढ़ से बचा रहेगा।

Related Articles

Back to top button