राज्य

नगर निगम चुनाव टालने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका, आज होगी सुनवाई

शिमला.नगर निगम शिमला का चुनाव फिर से हाईकोर्ट पहुंच गया है। राजधानी के एक वोटर ने प्रदेश निर्वाचन आयोग के स्पेशल रिविजन आफ इलेक्ट्रोल रोलस को चुनौती दी है। याचिकाकर्ता राजू ठाकुर ने निर्वाचन आयोग के इस आदेशों को असंवैधानिक आैर गैर कानूनी बताते हुए चुनौती दी है। मामले में अाज सुनवाई होगी।
नगर निगम चुनाव टालने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका, आज होगी सुनवाई
 
याचिककर्ता ने कहा कि संविधान की धारा 243 यू में स्थानीय निकायों के चुनावों के एक भी दिन टालने या आगे खिसकाने का कोई प्रावधान नहीं हैं। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग का फैसला तर्क संगत नहीं हैं। उन्होंने इस फैसले पर रद्द करने आैर निर्वाचन आयोग को चार जून से पहले नगर निगम शिमला के चुनाव करवाने का आदेश देने का आग्रह भी कोर्ट से किया है।

ये भी पढ़े: चुनावों को रद्द करवाना कांग्रेस- वामपंथियों की साजिश, बीजेपी ने दोनों के खिलाफ किया प्रदर्शन

राजधानी शिमला के नगर निगम चुनावों का समय चार जून तक होना तय है। इसके बाद नियमों के तहत नगर निगम के सदन को खत्म माना जाएगा। इन्हें एक भी दिन की एक्सटेंशन नहीं दी जा सकती है। इसलिए नगर निगम के चुनाव हर बार नगर निगम के चुनाव पुराने सदन की समयावधि खत्म होने से पहले ही करवा दिए जाते हैं।
 
इससे पहले नगर निगम शिमला के चुनावों के लिए बनी वोटर लिस्टों का मसला भी हाईकोर्ट पहुंचा था। इसमें हाईकोर्ट के आदेशों के बाद दो दिन वोट बनाने का अतिरिक्त समय दिया गया था। तीस अप्रैल आैर पहली मई को हाईकोर्ट के आदेशानुसार वोटर लिस्टों में नाम जोड़ने का काम किया गया था।
 
इसमें लगभग 2186 लोगों ने वोट बनाने के लिए दावे पेश किए हैं। इनमें से पात्र वोटरों की छंटनी के बाद सेप्लीटमेंटरी वोटर लिस्ट 15 मई को जारी की जानी है।
 
हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग के नए आदेशों के मुताबिक, नगर निगम शिमला के नए वोटरों को बनाने आैर पुराने वोटरों की पात्रता को तलाशने का काम भी इसी दिन से शुरू किया जाना है। इस काम को विभिन्न चरणों से पूरा करने के बाद 23 जून को सेप्लीमेंटरी लिस्ट टू जारी की जाएगी।
 
नए सिरे से लिस्ट बनने के बाद ही राज्य निर्वाचन आयोग की आेर से दोबारा से चुनावी प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। इसी फैसले को अब प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।
 
माकपा ने जलाया चुनाव आयुक्त का पुतला
नगर निगम चुनाव को टालने के विरोध में माकपा ने शिमला उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया तथा राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदर्शन के दौरान माकपा कार्यकर्ताओं ने राज्य चुनाव आयुक्त पी मित्रा का पुतला भी फूंका और जमकर नारेबाजी की।
 
माकपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया की राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली की वजह से ही आज शहर की जनता के पूरी तरह से वोट नहीं बन पाए। जिस वजह से चुनाव की तिथि को आगे बढ़ाया गया। माकपा ने मांग की है की नगर निगम चुनाव को जल्द करवाया जाए अन्यथा माकपा प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।
माकपा नेता विजेंद्र मेहरा ने आरोप लगाया की भाजपा और कांग्रेस नगर निगम चुनाव को लेकर राजनैतिक रोटियां सेंक रहे हैं। इसी वजह से चुनाव को समय पर नहीं करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य चुनाव आयोग व जिला प्रशासन की नाकामी के कारण चुनाव टले हैं। दोनों ने नगर निगम को मजाक बनाकर रख दिया है।
 
माकपा ने भाजपा के उस बयान को हास्यप्रद करार दिया जिसमें उन्होंने चुनाव में देरी होने का जिम्मेवार माकपा को ठहराया था। उन्होंने कहा की माकपा किसी भी समय चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। प्रशासन जल्द चुनाव की प्रकिया को संपन्न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस की मिलीभगत के कारण ही मेयर व डिप्टी मेयर के प्रत्यक्ष व पार्टी सिंबल पर चुनाव रद्द किए गए।
 
 
प्रदर्शन में विजेंद्र मेहरा, जगत राम, फालमा चौहान, बलबीर, बाबू राम, प्रेम कायथ, चंद्रकांत वर्मा, सोनिया, रमन, पवन, दिनीत, सुरेश सरवाल, नोबल, रोनी, प्रेम, केवल, किशोरी ढटवालिया, विनोद विरसांटा, रमाकांत मिश्रा, बालक राम, पूर्ण चंद, कपिल, सत्यवान पुंडीर, जयशिव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 
चुनाव टलने का भाजपा करेगी वॉर्डों में विरोध
भाजपा शिमला मंडल की दो दिवसीय बैठक का आयोजन ग्रैंड होटल में मंडल अध्यक्ष प्रदीप कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, जिला शिमला के प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल सूद, जिला शिमला अध्यक्ष संजय सूद और क्षेत्रीय संगठन मंत्री पुरषोतम गुलेरिया उपस्थित रहे।
 
बैठक में प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने पार्टी के पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल रैली की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का धन्यवाद किया।
 
बैठक में तय हुआ कि सरकार और वामपंथियों ने मिलकर अलोकतांत्रिक प्रकार से नगर निगम चुनावों का स्थगन किया इसके विरुद्ध भाजपा वार्ड स्तर पर पद यात्रा, जन जागरण अभियान और धरनों का आयोजन करेगी। बैठक में प्रस्तावित राजनैतिक प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई जो बीते रोज कार्यकारिणी के समक्ष रखा जाएगा।
 
बैठक में प्यार सिंह कंवर, संजय कालिया, त्रिलोक शर्मा, भारती सूद, संगीता सूद, रश्मि सूद, मंजू सूद, शुभ महाजन, रूपा शर्मा, राजीव सूद, सुशील चौहान, राजीव अरोड़ा, हितेश शर्मा, बिट्टू पन्ना, कल्याण धीमान, अश्वनी शर्मा, राजेश भानु, विजय शर्मा, गोपाल ठाकुर, कर्ण नंदा, सुदीप महाजन, जगजीत बग्गा, रजनी सिंह, राज कुमार, जसविंद्र सिंह, ममता गुप्ता , जगजीत राजा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button