मेरठ में यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, ई रिक्शा किए सीज
जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
मेरठ। यातायात पुलिस मेरठ ने यातायात व्यवस्था को सरल बनाए रखने के लिए हापुड़ अड्डा चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात पुलिस ने 55 ई-रिक्शा को सीज कर दिया। एसएसपी मेरठ के आदेश पर एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव मेरठ के निर्देश में यातायात पुलिस मेरठ ने हापुड़ अड्डा चौराहे एवं उसके आसपास यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
नो एंट्री जोन में संचालित पाए गए 55 ई-रिक्शा को सीज किया
अभियान के दौरान नो एंट्री जोन में संचालित पाए गए 55 ई-रिक्शा को सीज किया। साथ ही सड़क पर अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 25 वाहन स्वामियों को चौराहे के 100 मीटर के दायरे में सड़क पर वाहन खड़ा न करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस की लोगों से अपील
मेरठ यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें। नो एंट्री जोन में प्रतिबंधित वाहनों का संचालन न करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।



