सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए मेरठ एसपी यातायात ने चीनी मिल प्रबंधकों के साथ की बैठक
महाप्रबंधकों को उक्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया
मेरठ। मेरठ में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत मेरठ एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने चीनी मिलों के महाप्रबंधकों के साथ की बैठक की। एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अपने कार्यालय में जनपद की चीनी मिलों के महाप्रबंधकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने हेतु निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी यातायात द्वारा दिए गए जरूरी दिशा निर्देश
गन्ना परिवहन करने वाले समस्त वाहनों के पिछले हिस्से पर रिफ्लेक्टिव टेप एवं लाल कपड़ा अनिवार्य रूप से लगाया जाए ताकि रात्रि के समय वाहन दूर से दिखाई दे सकें। गन्ना परिवहन हेतु केवल व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों का ही प्रयोग किया जाए तथा किसी भी दशा में नाबालिगों द्वारा वाहनों का संचालन न किया जाए। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने हेतु गन्ने का परिवहन रात्रि 8 बजे से प्रातः 9 बजे के मध्य ही कराया जाए। गोष्ठी के दौरान समस्त चीनी मिलों के महाप्रबंधकों को उक्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया।



