मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में 12 दिसंबर को विपक्ष का ‘संविधान बचाओ’ मार्च, राहुल गांधी-अखिलेश-ममता समेत कई बड़े नेता जुटेंगे

भोपाल: वोट चोरी के आरोपों और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस दिसंबर में देशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 12 दिसंबर को ‘संविधान बचाओ’ मार्च आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर लाल परेड ग्राउंड तक पहुंचेगा, जहां बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया समन्वयक अभिनव बरोलिया के मुताबिक, कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। कांग्रेस ने इस आयोजन में एक लाख से डेढ़ लाख लोगों के जुटने का अनुमान लगाया है। पार्टी ने जनसभा के लिए लाल परेड ग्राउंड उपलब्ध कराने की मांग की है।

आंबेडकर प्रतिमा से शुरू होगा मार्च

कांग्रेस की योजना के मुताबिक, 12 दिसंबर को मार्च की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से होगी। यहां राहुल गांधी संविधान निर्माता को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मार्च जिला अदालत, पुरानी जेल और कंट्रोल रूम के सामने से गुजरते हुए लाल परेड ग्राउंड पहुंचेगा। यहां जनसभा के जरिए संविधान की रक्षा और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहले ही कह चुके हैं कि लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रैली की अनुमति के लिए प्रशासन से संपर्क

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि पार्टी फिलहाल कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि भोपाल में भी आयोजन को लेकर बाधाएं पैदा की जा सकती हैं। इस दौरान उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के समय कथित तौर पर आई मुश्किलों का भी जिक्र किया।

नायक के मुताबिक, रैली की तैयारियों के लिए आयोजन से कम से कम सात दिन पहले मैदान उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें। कांग्रेस ने प्रशासन से जल्द मैदान आवंटित करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों को सौंपा अनुमति का ज्ञापन

शुक्रवार को मुकेश नायक समेत कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला से मुलाकात कर लाल परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी और ज्ञापन सौंपा।

नायक ने बताया कि पुलिस अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि अनुमति की प्रक्रिया में यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के साथ समन्वय जरूरी है। आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से बटालियन को भेजा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल को शनिवार या रविवार तक निर्णय की जानकारी देने का आश्वासन दिया गया है।

Related Articles

Back to top button