
रायपुर: छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अपनी मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की मिट्टी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और लोगों की आत्मीयता समाहित है। यह भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती है।
लोकगीतों, लोककथाओं और परंपराओं में बसी छत्तीसगढ़ी
विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में भाषा की मिठास और आत्मीयता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ी पीढ़ियों से संस्कृति और जीवन मूल्यों को संरक्षित करती आई है। यही वजह है कि भाषा का सम्मान हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने से भी जुड़ा है।
नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा की असली समृद्धि उसके व्यापक इस्तेमाल और नई पीढ़ी के साथ जुड़ाव से सुनिश्चित होती है। मातृभाषा पर गर्व करने के साथ इसे रोजमर्रा के व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिकाधिक अपनाने की जरूरत है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर भाषा के सम्मान को बढ़ाने और इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लें, ताकि छत्तीसगढ़ी की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक भी सुरक्षित बनी रहे।



