राष्ट्रीय

मोदी की शैली में ओबामा ने दिल जीता

obamaनई दिल्ली : भारत यात्रा के आखिरी दिन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपने संघर्ष की कहानी सुनाकर लोगों में जोश भरा। ओबामा ने कहा कि शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध हों तो एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री (मोदी) बन सकता है और एक रसोइए का पोता (ओबामा) राष्ट्रपति बन सकता है। ओबामा ने मंगलवार को सीरी फोर्ट स्टेडियम में ‘इंडिया एंड अमेरिका- द फ्यूचर वी कैन बिल्ड टुगैदर’ विषय पर करीब दो हजार लोगों को संबोधित किया। मोदी की शैली में लोगों से जुड़ते हुए ओबामा ने कहा कि आज भले ही वह इस मंजिल पर हैं लेकिन एक वक्त ऐसा था, जब अश्वेत होने के कारण उन्हें भेदभाव झेलना पड़ा। यह भी बताया कि उनके ईसाई नहीं, बल्कि मुस्लिम होने की अफवाह भी उड़ाई गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, एक सामान्य व्यक्ति के सपने भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितने हमारे। सामान्य बच्ची को भी वही शिक्षा पाने का अधिकार है जो साशा (उनकी पु़त्री) को है। उन्होंने कहा, भारत में काफी संख्या में भाषाएं और बोलियां बोली जाती है और कई धर्मो के मानने वाले हैं। उसी तरह से अमेरिका में श्वेत, अश्वेत, लैटिन अमेरिकी आदि हैं। यही बात है जो भारत और अमेरिका को विश्व का नेता बनाती है।
ओबामा ने सोलह वर्षीय किशोर विशाल का नाम लिया जो एक सैनिक बनना चाहता है। विशाल ओबामा से 2010 में हुमांयू के मकबरे की यात्रा के दौरान पहली बार मिला था। शिक्षिका बनने का इरादा रखने वाली एक युवती का भी जिक्र किया। ओबामा विशाल के परिवार से भी मिले थे। ओबामा ने गणतंत्र दिवस की परेड में मोटरसाइकिल पर स्टंट की प्रशंसा करते हुए कहा कि काश वह भी इसकी सवारी कर पाते। ओबामा ने राष्ट्रपति भवन में स्वागत समारोह के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व करने वाली भारतीय वायु सेना अधिकारी पूजा ठाकुर की भी प्रशंसा की।
महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए ओबामा ने कहा कि वह एक बेहद मजबूत और प्रतिभाशाली महिला के पति हैं। ओबामा ने कहा, जहां भी वह गलत हुए, मिशेल ने उन्हें टोका और सही किया। उन्होंने यह भी बताया कि मिशेल के पिता एक गुलाम थे। लेकिन मेहनत के बदौलत उन्होंने अपने आपको साबित किया। ओबामा ने कहा कि उनके गृह नगर शिकागो में एक सदी पहले स्वामी विवेकानंद ने हिंदुत्व और योग के बारे में दुनिया भर के धार्मिक नेताओं को बताया था। उन्होंने माई ब्रदर्स एंड सिस्टर्स ऑफ अमेरिका से अपना संबोधन किया था। ओबामा ने कहा कि आज आज वह भी ब्रदर्स एंड सिस्टर्स ऑफ इंडिया कहते हुए भारत की जनता से मुखातिब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की महानता है कि भारत का संविधान एक दलित (भीम राव अंबेडकर) बनाता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने सबसे अधिक संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। हम इस क्षेत्र में भी सहयोग करना चाहते हैं। अमेरिका, भारत के साथ लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने में सहयोग करना चाहता है। हमने रक्षा क्षेत्र में सहयोग को और गहरा बनाने का काम किया है। हम चाहते हैं कि दुनिया परमाणु हथियारों से मुक्त हो। यह हमारा लक्ष्य होना चाहिए। एजेंसी

Related Articles

Back to top button