उत्तर प्रदेशफीचर्ड

मोदी संग योग के रंग में सराबोर होगा लखनऊ

लखनऊ। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लखनऊवासियों के साथ योग करेंगे। इसे लेकर पूरी तैयारी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हो रही तैयारियों का जायजा खुद राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी पहले कर चुके हैं। अब दो दिन के उनके कार्यक्रम को लेकर हर कदम पर सतर्कता बरती जा रही है।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार 21 जून को राजधानी लखनऊ में 51 हजार लोगों के साथ योग करेंगे। कार्यक्रम राजधानी लखनऊ, जिला मुख्यालयों तथा पार्टी को संगठनात्मक ईकाई लगभग 1500 मण्डलों में भी कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री के साथ वरिष्ठ मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और योग गुरुओं के साथ 51,000 लोग लखनऊ में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेंगे।
मैदान में रेड मैट पर विशेष प्रकार की चटाई का है इंतजाम
योग करने के लिए पूरे परिसर में रेड कार्पेट बिछाई गई है। उसके उपर एक विशेष प्रकार की मैट का भी इंतजाम किया गया है। उसके उपर योग दिवस का लोगो भी चस्पा किया गया। वहीं मैट में कई रंग शामिल किये गये है। केसरिया रंग के साथ ही जहां हरा रंग हरियाली का संदेश देगा तो नीला, पीला, लाल, बैगनी, गुलाबी, आसमानी व ग्रे रंग की फॉम विविधता में एकता के संदेश देगा। रमाबाई रैली स्थल पर कॉरपेट बिछाने के साथ ही कैमरे भी लगाये गये हैं। फॉम की बनी योग के आसन पर योग का ‘‘लोगो’’ लगा हुआ है। 55 हजार फोम के आसन बिछाया जा चुका है। योग करते समय मैट न खिसके इस लिए उन पर टेप चिपकाया गया है।
कट आउट के माध्यम से दर्शायी गयी योग की मुद्राएं
योग दिवस पर विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक के कट आउट बनाये गये हैं, जो योग की विभिन्न मुद्राओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। यह काफी बड़े आकार में बनाई गई है। यह हर आसन को दर्शा रही है। गोल्फ क्लब चौराहे के पास लगे कट आउट 11 योगासन की जानकारी दे रहे हैं। वृक्षासन, वक्रासन, त्रिकोणासन, भ्रामरी प्राणायाम, नाड़ीशोधन, पवनमुक्त, सेतु बंध, अर्द्धपद्मासन, धर्नुआसन, भुजंगासन व वीरासन के कटआउट लोगों को जानकारी दे रहे हैं।
शौचालय और पेयजल की भी व्यवस्था
रमाबाई रैली स्थल की मुख्य सड़क के दोनों और बाहर से शुष्क शौचालय मंगाए गए हैं। कटेगरी के अनुसार 25 जोन में शौचालय परिसर को बांटा गया है। हरे रंग के पर्दे के अंदर 490 शौचालय रखे जाएंगे। सभी के सामने हाथ धुलने के लिए प्लास्टिक की वॉशबेसिन बनाए गए हैं। विश्वयोग दिवस पर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री श्रीपदयशो नाईक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी भी योग करेंगे।

Related Articles

Back to top button