राष्ट्रीयलखनऊ

राजधानी में मुस्लिम महिलाओं ने मनाया रक्षाबंधन

raksha-bandhanलखनऊ। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में धार्मिक एकता एवं सद्भाव की झलक साफ नजर आ रही थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य व मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इन्द्रेश कुमार ने शनिवार को राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर और उनसे रक्षा सूत्र बंधवाकर समाज में अमन व शांति का पैगाम दिया। इस अवसर पर संघ नेता इन्द्रेश कुमार ने कहा कि हमें दंगामुक्त कौम मजहब व मुल्क बनाना है। आजादी के बाद से अब तक देश में २३ हजार दंगे हुए। हम खौफ व दहशत से मुक्त होना चाहते है। देश व प्रदेश में कोई महफूज नहीं है। रक्षाबंधन हिन्दुस्तानी इन्सानियत का त्यौहार है। इन्द्रेश कुमार ने कहा कि मजहबे इस्लाम में कहा गया है कि माँ के पांवों के नीचे जन्नत है। इसलिए बेटी को बोझ मत समझना और कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से समाप्त करना होगा। बेटी बचेगी तो बहन, पत्नी और माँ रहेगी। नारी के बिना तो परिवार की कल्पना तक नहीं की जा सकती। बलात्कार जैसी घटना को मिटाने के लिए और समाज में पवित्रता का वातावरण बनाने के लिए रक्षाबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण त्यौहार है। उन्होंने कहा कि इबादत का तरीका अलग हो सकता है लेकिन पहुँचने की मंजिल एक है। मजहबे इस्लाम का फरमान है कि अपने-अपने दीन पर चलो कट्टर नहीं बनो बल्कि उसके भी दीन की इज्जत करो। कट्टर बनाने का काम शैतान का है। दूसरे को इज्जत देना व मुहब्बत करना खुदाई काम है। मुस्लिमों की शिक्षा पर जोर देते हुए संघ नेता इन्द्रेश कुमार ने कहा कि मजहबी तालीम के साथ बुनियादी तालीम जरूरी है। तालीम होगी तो तरक्की के रास्ते खुलेंगें। इसके अलावा वतन से मोहब्बत की तालीम भी जरूरी है। मुस्लिम महिला पर्शनल लॉ बोर्ड की राष्ट्रीय अध्यक्ष शाइस्ता अम्बर ने कहा कि अभी तक राजनीतिज्ञों ने मुसलमानों को केवल वोट और नोट के लिए इस्तेमाल किया है। देश में अमन चौन लाना है तो देश को मजबूत बनाना होगा। देश में अशिक्षा बेरोजगारी और दंगा है तो इसके लिए हम खुद जिम्मेदार हैं। शाइस्ता अम्बर ने कहा कि यह हुमायूँ और रानी कर्मवती का देश है। हर लड़की कर्मवती और हर लड़के को हुमायूँ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश की संस्कृति हजारों हजार साल पुरानी संस्कृति है। अगर शिवाजी की सेना में सेनापति दौलतखान थे तो औरंगजेब की सेना में राजा जय सिंह भी थे। कार्यक्रम में मुस्लिम समाज की महिलाओं ने संघ नेता इन्द्रेश कुमार को राखी बांधी कर समाज में एक नई पहल की शुरूआत की। इन्द्रेश कुमार ने भी सभी मुस्लिम बहनों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच महिला विंग की प्रदेश संयोजिका नाजिरा हुसैन, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के महिरजध्वज सिंह, हरमेश चौहान, संघ के विभाग कार्यवाह प्रशान्त भाटिया, विभाग प्रचारक अमरनाथ, तारिक दुर्रानी, तबस्सुम खान, मौलाना वहीद चिश्ती और शफाकत हुसैन सहित भारी संख्या में मुस्लिम महिलाएं उपस्थित थी।

Related Articles

Back to top button