फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

राजनाथ सिंह ने लिया तबाही का जायजा

bihar rajnathपूर्णिया : केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार सरकार को भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में केन्द्र सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बिहार सरकार द्वारा चलाये जा रहे अब तक के राहत कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि केन्द्र हरसंभव मदद को तैयार है ताकि तूफान पीड़ित जनता को इस विपदा से जल्दी से जल्दी उबारा जा सके। उन्होने कहा कि बिहार में आये प्राकृतिक आपदा पर प्रधानमंत्री भी काफी चिंतित हैं। केद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पूर्णिया, मधेपुरा और आसपास के जिलों में तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद चूनापुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। हवाई सर्वेक्षण में उनके साथ केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, केन्द्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के अलावा बिहार के मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन के आला अधिकारी भी थे। सभी लगभग एक घंटा 40 मिनट हवाई सर्वेक्षण के बाद वापस चूनापुर लौटे।
गृहमंत्री ने कहा कि पूर्णिया समेत सूबे के अन्य जिलों में आये चक्रवाती तूफान के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात हुई हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री तूफान से हुई क्षति का आकलन कर केन्द्र सरकार को अलग से एक ज्ञापन सौंपेंगे और इसके लिए वह जल्द दिल्ली आ रहे हैं। इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किये जाने की विपक्ष की मांग को दरकिनार करते हुए गृहमंत्री ने साफ कहा कि कोई भी आपदा, आपदा होती है। किसी चीज की कमी होने नहीं दी जाएगी। सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करके लौटे श्री सिंह ने माना कि आंधी-तूफान से इन इलाकों में व्यापक क्षति हुई है। लोगों के साथ-साथ मवेशियों की भी जानें गईं हैं। विशेष रूप से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। एक तरफ जहां मकई की फसल बर्बाद हुई हैं वहीं आम को भी नुकसान पहुंचा है।

Related Articles

Back to top button