उत्तर प्रदेश

विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर बरसा गांववालों का कहर, महिलाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

जौनपुरः जिले के होरैया गांव में रास्ते के विवाद की सूचना पर पहुंचे डायल 100 नंबर के पुलिस कर्मियों को एक मनबढ़ परिवार के लोगों ने बंधक बना लिया। सूचना पर एसओ भी फोर्स के साथ पहुंच गए। पहुंचते ही उन्होंने एक युवक की पिटाई कर दी। जिससे बौखलाई महिलाओं और परिवार वालों ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिसमें एसओ समेत 7 पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर 3 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक होरैया गांव में रास्ते में रखे घूर के विवाद को लेकर रायसाहब सिंह और पूर्व प्रधानपति सुद्धू सिंह से पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा है। बीते दिन दोनों के बीच घूर को हटाने को लेकर कहा-सुनी हो गई। पूर्व प्रधानपति ने इसकी सूचना 100 नंबर को दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो रायसाहब व परिवार के लोगों ने पुलिस से झगड़ना शुरू कर दिया। महिलाओं ने 100 नम्बर के सिपाहियों को घेरकर बैठा लिया। इसी बीच सिपाहियाें ने एसओ के बंधक बनाए जाने की सूचना दे दी।
एक पक्ष की महिलाओं ने पुलिस पर बोला धावा
सूचना पर थानाध्यक्ष अजित कुमार सिंह व एसआई चन्दन कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और जाते ही रायसाहब के लड़के दीपांकर की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद राय साहब का पूरा परिवार लाठी डंडा लेकर पुलिस कर्मियों पर टूट पड़ा। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। एसओ ने पिस्टल निकाल कर गोली मारने के लिए धमकाया तो महिलाओं ने उनके हाथ में दांत काट लिया। जिससे पिस्टल नीचे गिर गई। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा। पुलिस टीम अपने साथ सूचना के बाद भी किसी महिला कांस्टेबल को नही ले गई थी।
गांव बदला छावनी में, बुलानी पड़ी भारी पुलिस फोर्स
देखते ही देखते पूरा गांव छावनी में तबदील हो गया। किसी तरह गांव वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद एसडीएम, सीओ और कई थानों की फोर्स पहुंच गई। मामला शांत करवाया गया। वहीं एसओ की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 3 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिलाओं की पिटाई से एसआई चन्दन कुमार के सिर में चोट आई है, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में कराया गया है। क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं नृपेन्द्र ने बताया कि पुलिस के साथ ग्रामीणों ने दुस्साहस किया है। उन पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button