National News - राष्ट्रीयफीचर्ड

शशि और सुनंदा में फ्लाइट में हुआ था झगड़ा

sunनई दिल्ली, एजेंसी । केंद्रीय मंत्री शशि थरूर और उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर के बीच तिरुअनंतपुरम से दिल्ली आते समय फ्लाइट में झगड़ा हुआ था। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस संबंध में यह एक नया खुलासा किया है। अखबार के अनुसार 15 जनवरी को तिरुअनंतपुरम से दिल्ली आते समय फ्लाइट में थरूर और सुनंदा के बीच झड़प हुई थी। इन दोनों के बीच झगड़े का कारण पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार थी। अखबार के मुताबिक सुनंदा रोती हुई एयरपोर्ट से बाहर निकली थीं। इस झगड़े को विमान में सवार दूसरे यात्रियों ने भी देखा था। सिर्फ इतना ही नहीं केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी जो कि मुंबई से इस विमान में सवार हुए थे, उन्होंने भी थरूर दंपति का झगड़ा देखा था। अखबार के अनुसार सुनंदा की मौत से तीन दिन पहले तक दोनों के बीच पाकिस्तानी पत्रकार को लेकर विवाद चल रहा था। गौरतलब है कि सुनंदा पुष्कर की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव चाणक्यपुरी स्थित होटल लीला पैलेस के कमरा नंबर 345 से बरामद किया गया था। अभी तक मौत के कारणों का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।थरूर के निजी सचिव अभिनव कुमार ने बताया कि गुरुवार को ही सुनंदा ने लीला पैलेस में कमरा लिया था। शुक्रवार दिनभर केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में व्यस्त रहे। जब वह रात को होटल के कमरे में लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। ऐसे में शशि को लगा कि सुनंदा अंदर सो रही होंगी, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने मुझे फोन किया। मास्टरकी से कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर सुनंदा अपने बिस्तर पर मृत पड़ी थीं।

 अभिनव ने बताया कि शव देखकर ऐसा लग रहा था कि उनकी मौत कुछ घंटे पहले हो चुकी होगी। शरीर पर किसी तरह का कोई निशान नहीं मिला है। साथ ही किसी प्रकार की ड्रग्स लेने के भी सबूत नहीं मिले हैं। बता दें कि पाकिस्तानी पत्रकार के थरूर से कथित संबंधों को लेकर दंपत्ति के बीच ट्विटर विवाद सामने आया था। गुरुवार को ही दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि वह एक खुशहाल दंपती हैं। इसके एक दिन बाद ही इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।  दोनों की यह तीसरी शादी थी। सुनंदा का एक 21 साल का बेटा शिव मेनन है। यह उनकी दूसरी शादी से था। हमेशा किसी न किसी विवाद या किसी अन्य वजह को लेकर सुर्खियों में रहने वाले इस जोड़े के बारे में बताया जाता है कि किसी कथित प्रेम संबंध को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी, जिसका पता उस समय चला था जब थरूर ने दावा किया था कि उनका ट्विटर एकाउंट हैक कर लिया गया है। पुष्कर ने कई समाचारपत्रों को बताया था कि वह इस कथित विवाहेत्तर संबंध के कारण थरूर से तलाक लेने पर विचार कर रही हैं। उधर, पाक पत्रकार मेहर तरार ने अपना पक्ष रखते हुए पुष्कर के इन आरोपों से इनकार किया था कि वह थरूर के पीछे पड़ी हैं या उनके साथ उनका कोई संबंध है।

Related Articles

Back to top button