उत्तर प्रदेशलखनऊ

शाबास : बिहार पीसीएस-जे में सीएमएस छात्रा टॉपर

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की छात्रा सोनाक्षी वर्मा ने बिहार की पी.सी.एस. (जे) परीक्षा की गर्ल्स कैटगरी में टॉप कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। सोनाक्षी ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद एवं सी.एम.एस. के प्रेरणादायी शैक्षिक वातावरण को दिया है, जिसने उन्हें लगातार उत्कृष्टता प्राप्त करने को प्रेरित किया। मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रा की अभूतपूर्व सफलता पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है, जिन्होंने अपनी मेधा, प्रतिभा व लगन से लखनऊ का नाम रोशन किया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सोनाक्षी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सी.एम.एस. की ये होनहार छात्रा न्यायिक व्यवस्था की मजबूती में रचनात्मक योगदान देगी। विदित हो कि अभी हाल ही में सी.एम.एस. की चार छात्राओं ने यूपी पी.सी.एस. (जे) में चयनित होकर अपने मेधात्व का परचम लहराया है, जिनमें स्वरांगी शुक्ला (प्रथम रैंक), अम्बिका मेहरोत्रा (39वीं रैंक), आकांक्षा बाजपेयी (86वीं रैंक) एवं शालीन मिश्रा (75वीं रैंक) शामिल हैं। इस प्रकार सी.एम.एस. की 5 छात्राओं ने पी.सी.एस. (जे) परीक्षा में चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

श्री शर्मा ने बताया कि सोनाक्षी शुरू से ही विद्यालय की मेधावी छात्रा रही है एवं समय-समय पर विद्यालय द्वारा आयोजित की जाने वाली एक्स्ट्रा क्युरिकुलर एक्टिविटीज में बढचढ़कर प्रतिभाग करती रही है। सोनाक्षी ने आई.सी.एस.ई (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) की परीक्षा उच्च अंकों के साथ उत्तीर्ण की। सी.एम.एस. की पढ़ाई के उपरान्त इन्होंने एल.एल.बी. एवं एल.एल.एम. की डिग्री हासिल की। बिहार की पी.सी.एस. (जे) में चयन से पूर्व सोनाथी यू.पी. ए.पी.ओ. में भी चयनित हो चुकी हैं। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. की शिक्षा पद्धति एवं प्रेरणादायी शैक्षिक वातावरण छात्रों को ऊँची सोच रखने एवं परिश्रम हेतु लगातार प्रेरित करता है और यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र देश-विदेश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन द्वारा विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button