उत्तर प्रदेशलखनऊ

सीएमएस राजाजीपुरम कैम्पस ‘ग्लोबल इनोवेटिव स्कूल अवार्ड’ से सम्मानित

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘ग्लोबल इनोवेटिव स्कूल अवार्ड (जी.आई.एस.ए.-2018)’ हेतु चयनित किया गया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि हेतु आगामी 27 जनवरी को दुबई में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में विद्यालय को प्रशस्ति पत्र एवं ट्राफी से सम्मानित किया जायेगा। यह सम्मान समारोह बिड़ला इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एण्ड साइन्स, पिलानी (बिट्स पिलानी) एवं फिजोक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित नवाजा हेतु चयनित होकर सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) ने सी.एम.एस. के गरिमामयी इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी है। विदित हो कि सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) ने ‘बेस्ट परफार्मिंग स्कूल्स इन इण्डिया’ की सूची में स्थान अर्जित किया है।

श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या निशा पाण्डेय के मार्गदर्शन में विद्यालय को यह सम्मान उत्कृष्ट शिक्षा पद्धति एवं छात्रों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षा प्रदान करने के आधार पर प्रदान किया गया है जिसके अन्तर्गत सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) को टीचिंग एण्ड लर्निंग, क्वालिटी ऑफ स्टूडेन्टस नॉलेज, क्यूरिकुलम आदि मानकों पर सर्वश्रेष्ठ आंका गया है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को न सिर्फ सर्वश्रेष्ठ शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी है अपितु एकता, शान्ति व मानवाधिकारों की भावना को देश व विश्व में बढ़ावा देने में भी सदैव अग्रणी रहा है। सी.एम.एस. के सभी कैम्पस में छात्रों को भौतिक, सामाजिक व आध्यात्मिक शिक्षा प्रदान करने के साथ ही साथ विभिन्न सामाजिक-साँस्कृतिक गतिविधियों, खेल, शिक्षकों की गुणवत्ता, शिक्षक-छात्र अनुपात, अभिभावकों का विद्यालय की शैक्षिक प्रक्रिया में दखल, इन्फ्रास्ट्रक्चर आदि पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सी.एम.एस. विश्व का ऐसा पहला विद्यालय है जिसने सर्वप्रथम शिक्षा में क्वालिटी विचारधारा को अपनाया है।

Related Articles

Back to top button