अन्तर्राष्ट्रीयटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंग

कोरोना वायरस : अमेरिका में हर मिनट में हो रही 1 मौत


नई दिल्ली। चीन के वुहान से फैला कोरोना वायरस अब अमेरिका में तबाही मचा रहा है। अमेरिका में कोरोना वायरस के कारण संक्रमित लोगों का आंकड़ा 3 लाख के करीब पहुंच रहा है यह आंकड़ा विश्व में अब तक सबसे ज्यादा है। वहीं कोरोना वायरस के कारण दुनिया में 24 घंटे में हुई सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका में दर्ज की गई हैं।

दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका कोरोना वायरस के आगे पस्त होता दिख रहा है।अमेरिका की जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार शुक्रवार को सबसे अधिक 1480 लोगों की मौत हुई। यानि 24 घंटे का हिसाब लगाया जाये तो 1440 मिनट में 1480 लोगों की मौत, मतलब एक मिनट में एक मौत। यह आंकड़ा चौकाने वाला जरूर है साथ ही डराने वाला भी , अगर सिलसिला थमा नहीं तो अमेरिका सोचने पर मजबूर हो जायेगा और कुछ करते नही बन पायेगा।

विश्व का सबसे शक्तिशाली देश होने का डंका बजाने वाला देश अमेरिका चारो खाने चित होते नज़र आ रहा है।इससे एक दिन पहले अमेरिका में 24 घंटे में 1169 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के चलते अमेरिका में तकरीबन पौने तीन लाख लोग संक्रमित हैं। यह आंकड़ा अन्य देशों के मुकाबले कहीं अधिक है। इसके अलावा अब तक 7406 लोगों की मौत हो चुकी है और लगातार बढ़ रही है।

वहीं, अन्य देशों की बात करें तो कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले में जर्मनी ने चीन को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार शाम तक जर्मनी में संक्रमण के मामले 89,451 हो गए। वहीं चीन में अब तक कुल 81,620 मामले आए हैं। मौतों के मामले में दुनिया भर में इटली और स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित देश हैं।

दुनिया में कोरोना ने तेजी से पैर पसारे हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, अब तक दस लाख से अधिक कोरोना वायरस के मरीज दुनियाभर में मिल चुके हैं। वहीं, महज 93 दिनों में यह आंकड़ा पार हुआ है। आंकड़ों को देखें तो इसके प्रसार में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसने कई देशों को तो तबाह के कगार पर खड़ा कर दिया है। आर्थिक मोर्चे पर और स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी संकट पैदा हो गया है।

Related Articles

Back to top button