राज्यराष्ट्रीय

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस का सर्च ऑपरेशन, मुठभेड़ में मार गिराए 10 नक्सली

पुणे: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शनिवार को 10 नक्सली मारे गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार की तड़के शुरू हुई मुठभेड़ दोपहर तक जारी रही, जिसमें कोलगुट-दानत जंगलों में कम से कम 10 नक्सली मारे गए। नक्सलियों के यहां होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम यहां पर सर्च ऑपरेशन के लिए गई थी। इसी दौरान वहां छुपे नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में 10 नक्सलियों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी एनकाउंटर जारी है।

गढ़चिरौली जिला मुख्यालय में प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, मुठभेड़ प्रतिबंधित भाकपा (नक्सली) के एक दलम और नक्सल विरोधी अभियानों की सी-60 यूनिट के कमांडो के साथ हुई थी। सुरक्षा बलों में कोई हताहत नहीं हुआ है और मारे गए चरमपंथियों के और शवों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान भी चलाया गया है। गौरतलब है कि देशभर में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार को झारखंड में नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में कई नक्सलियों ने हाल ही में सरेंडर किया था।

Related Articles

Back to top button