करिअर

हरियाणा में जल्द होगी 6 हजार कॉन्स्टेबलों की भर्ती, CM मनोहर लाल ने दी मंजूरी

चंडीगढ़ : हरियाणा में 6 हजार पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इसमें 5 हजार पुरुष और 1000 महिला कांस्टेबलों की भर्ती की जानी है। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि इसे बिना कैबिनेट मीटिंग के मंजूरी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ऑफिस ने सभी मंत्रियों को बाई हैंड इसकी फाइल भेजी और उस पर साइन लिए।

हरियाणा में पुलिस भर्ती के नियम लंबे समय से अटके हुए थे जिसके बाद गृह विभाग ने संशोधित नियम तैयार किए हैं, जिनको मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद इस फैसले को एमरजैंसी की श्रेणी में रखते हुए सी.एम.ओ. की ओर से मंत्रियों के नाम सर्कुलर जारी किया, जिसमें पुलिस भर्ती के नए नियमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मंजूरी के बारे में बताया गया। गृह विभाग बहुत जल्द संशोधित नियमों का नोटिफिकेशन जारी करेगा। हरियाणा पुलिस में ये भर्तियां करीब 3 साल से अटकी हुई हैं।

पुलिस भर्ती नियमों की मंजूरी मिलने के साथ ही अभ्यर्थियों की ओर से आयुसीमा में छूट देने की मांग भी उठ रही थी। तर्क दिया जा रहा है कि बहुत से ऐसे आवेदक हैं जिनके द्वारा करीब 3 साल पहले टैस्ट पास किया गया था। कैबिनेट से संशोधित नियमों में भी खामियां होने के कारण इन नियमों को बदला गया है। नए नियमों के अनुसार आवेदन मांगने के बाद कर्मचारी चयन आयोग आवेदकों में से 10 गुना को फिजिकल टैस्ट के लिए बुलाएगा। नोटिफिकेशन के आधार पर पुलिस महानिदेशक की ओर से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भर्ती का प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग की ओर से ग्रुप सी में सी.ई.टी. पास अभ्यर्थियों से आवेदन मांग जाएंगे।

Related Articles

Back to top button