राष्ट्रीय

बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी 85 साल की मां, शव देखते ही बिगड़ी तबीयत; कुछ घंटे बाद गई जान

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 63 वर्षीय बेटे की मौत का सदमा उसकी 85 साल की मां बर्दाश्त नहीं कर सकी। बेटे का शव घर पहुंचते ही मां की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। कुछ ही घंटों के भीतर मां और बेटे की मौत से समूचे गांव में शोक छा गया। दीपावली की खुशियां परिवार के लिए मातम में बदल गईं।

यह घटना हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र के समोह गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 63 वर्षीय बलदेव सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बलदेव सिंह सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।

बेटे का शव घर पहुंचते ही मां की बिगड़ी तबीयत

बलदेव सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी 85 वर्षीय मां ज्ञान देवी बेटे की मौत का गहरा सदमा सहन नहीं कर सकीं। जैसे ही बलदेव सिंह का शव घर पहुंचा, वह रोने लगीं। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं।

परिजन घबराकर उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। ज्ञान देवी को भी सांस लेने में परेशानी हो रही थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

गांव के श्मशान घाट पर एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

कुछ ही घंटों के अंतराल में मां और बेटे की मौत से समोह गांव में मातम पसर गया। जिस घर में दीपावली की तैयारियां होनी थीं, वहां एक साथ दो मौतों से खुशियां गम में बदल गईं। बाद में गांव के श्मशान घाट पर मां और बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव के लोग शोक में डूबे नजर आए।

बताया गया है कि बलदेव सिंह के परिवार में दो बेटे हैं। उनका छोटा बेटा गांव में ही रहता है, जबकि बड़ा बेटा बहरीन में नौकरी करता है। एक ही दिन मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

Related Articles

Back to top button