उत्तर प्रदेश

12 साल के बच्चे को बीस दिनों में सांप ने छह बार डंसा

कौशांबी : जिले में विकास खंड नेवादा के लोधऊर गांव में सांप बारह वर्षीय बालक आदित्य की जान का दुश्मन बन गया है। पिछले बीस दिनों में सांप उसे छह बार डस चुका है। इससे आदित्य के परिजन दहशत मे हैं। अब उसके घर से बाहर निकलने पर परिवारीजन उसके साथ रहते हैं।

बसंतलाल पाल का बारह वर्षीय पुत्र आदित्य भारत भारती जूनियर हाईस्कूल मे कक्षा छह का छात्र है। आठ सितंबर से सांप उसके लिए खतरा बन गया है। उसे छह बार डसने की घटना आठ सितंबर से 29 सितंबर के बीच हुई। परिवारीजन व भुक्तभोगी छात्र के अनुसार हर बार पैर में ही डसने के बाद सांप भाग जाता है। परिवारीजन कहते हैं कि काले रंग का सांप उसे डसता है। अभी बीते शनिवार दोपहर को उसकी बड़ी बहन पूजा परिवारीजन संग खेत में काम कर रही थी। आदित्य साइकिल लेकर गांव के बाहर स्थित खेत में बहन को बुलाने गया था। वहां सांप उसके पीछे दौड़ा तो खेत में काम करने वाली महिलाएं एवं परिवारीजन दंग रह गए। आदित्य साइकिल से घर भागा। उसी दिन शाम को घर के सामने बने शौचालय से आदित्य जैसे ही निकला, तभी सांप ने उसे डस लिया। परिवारीजन ने उसको पिपराही गांव ले जाकर उसके पैर में ब्लेड से चीरा के बाद इलाज करवाया, तब उसकी जान बच पाई। उसके पैर में अब भी चार जगहों पर चीरा का निशान मौजूद हैं। अब तो परिजन उसको स्कूल भेजने से भी डरने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button