उत्तर प्रदेशउत्तराखंडटॉप न्यूज़दिल्लीफीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

अमर सिंह का सिंगापुर के अस्पताल में निधन, PM मोदी, सीएम योगी, अखिलेश, प्रियंका और राजनाथ ने जताया शोक

नई दिल्ली, 1 अगस्त, दस्तक (ब्यूरो) : पूर्व समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह का 64 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। वो पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिनों पहले ही उनका किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। शनिवार दोपहर उनका निधन हो गया। अमर सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव रहे हैं साथ ही राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के वो काफी करीब रहे। अमर सिंह एक समय समाजवादी पार्टी की नंबर दो पोजिशन के नेता भी रहे थे। हालांकि साल 2010 में पार्टी के सभी पोस्ट से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्हें पार्टी से भी बर्खास्त कर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर सिंह के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि वह काफी ऊर्जावान नेता थे और उन्होंने पिछले कुछ दशकों में देश की राजनीति के अहम उतार-चढ़ाव काफी करीब से देखे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर सिंह जी एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। मुख्यमंत्री जी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘श्री अमर सिंह जी के स्नेह-सान्निध्य से वंचित होने पर भावपूर्ण संवेदना एवं श्रद्धांजलि।’

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘ईश्वर श्री अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। श्री अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।’

अमर सिंह के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त किया है। राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा  ‘वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी। स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंह को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’

Related Articles

Back to top button