पंजाबराजनीतिराज्य

लोकसभा चुनाव से पहले 12 MLAs छोड़ेंगे AAP का साथ -पंजाब कांग्रेस

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस का दावा है कि साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी टूट जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि आप के 12 असंतुष्ठ विधायक दूसरी पार्टियों में मौके तलाश रहे थे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाए हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी ‘ऑपरेशन लोटस’ की कहानी गढ़कर लोगों का ध्यान भटकाना चाह रही है।

कांग्रेस के पंजाब प्रमुख राजा अमरिंदर सिंह वडिंग ने आप के ‘ऑपरेशन लोटस’ की बात पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि 9 विधायक कांग्रेस के संपर्क में थे और तीन की भाजपा के साथ बातचीत चल रही थी। उन्होंने कहा कि ये नेता विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले ही आप में शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय एजेंसी की तरफ से अपनी पंजाब इकाई को खुफिया जानकारी दी गई। आप नेतृत्व हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव में किसी शर्मिंदगी को लेकर सावधान है और विधायकों को खींचने की झूठी कहानी तैयारी कर रही है।’

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि पार्टी 2024 संसदीय चुनाव से पहले गिर जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा, ‘यह साफ है कि मान संसदीय चुनाव से पहले पंजाब के एकनाथ शिंदे बनने जा रहे हैं।’ साथ ही बाजवा ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने को भी मान के नेतृत्व वाली आप सरकार की चाल बताया है।

Related Articles

Back to top button