
नई दिल्ली: देशभर में आज 75वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के मौके पर पीएम मोदी खास पगड़ी पहने हुए नजर आए। इस बार पीएम मोदी ने प्रमुख पीले रंग के साथ बहुरंगी पगड़ी पहनने का विकल्प चुना, जिसे भगवान राम का रंग माना जाता है। हाल ही में पीएम मोदी ने 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनुष्ठान का नेतृत्व किया। इसलिए, उनकी पगड़ी में पीला रंग कई मायनों में काफी महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी ने राजस्थानी बंदिनी प्रिंट पगड़ी के साथ भूरे रंग की नेहरू जैकेट के साथ सफेद कुर्ता और पायजामा पहने हुए नजर आए। प्रधानमंत्री का पूरा लुक पूरी तरह से राष्ट्र के प्रति उनके प्रेम-धार्मिक मान्यताओं को व्यक्त करता है और विविधता में एकता की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। पीएम मोदी का यह लुक लोगों को खूब पंसद आ रहा है। पीएम मोदी की पगड़ी पहली बार तब देखी गई जब वह आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुरों का सम्मान करने के लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे।
पिछले साल भी गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री बहुरंगी राजस्थानी पगड़ी पहने नजर आए थे। पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने बंदनी प्रिंट पगड़ी पहने नजर आए थे जिसमें पीले, हरे और लाल रंग का मिश्रण था। पीएम मोदी ने ऑफ-व्हाइट कुर्ता और चूड़ीदार और एक काली जैकेट के साथ इसे कंप्लीट किया था, जब उन्होंने 10वीं बार लाल किले से देशवासियों को संबोधित किया था।
पीएम मोदी 2014 में पदभार संभालने के बाद से गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर विशिष्ट पगड़ी पहनने की अनूठी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। साल 2022 में, पीएम मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ की भावना को आत्मसात करते हुए तिरंगे-थीम वाली पगड़ी पहनी थी। उन्होंने पगड़ी को पारंपरिक सफेद कुर्ता और चूड़ीदार के साथ पाउडर ब्लू शेड जैकेट के साथ जोड़ा। अपने 8वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल पैटर्न और लंबी गुलाबी पगड़ी वाली केसरिया पगड़ी पहनी थी। उन्होंने पारंपरिक कुर्ता और चूड़ीदार, नीली जैकेट और स्टोल के साथ अपने लुक को बेहतर बनाया।
इस बीच आज युद्ध स्मारक पर पीएम मोदी के साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख भी शामिल हुए और उन्होंने इस समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह गणतंत्र दिवस परेड के लिए कर्तव्य पथ पर रवाना हुए जहां मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन थे। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई।
इससे पहले पीएम मोदी ने 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “75वें गणतंत्र दिवस के विशेष अवसर पर शुभकामनाएं। जय हिंद!” गणतंत्र दिवस परेड में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 और केंद्र सरकार के विभागों की 9 सहित कुल 25 झांकियां प्रदर्शित होंगी। गणतंत्र दिवस हर साल 26 जनवरी को उस दिन की याद में मनाया जाता है जब 1950 में हमारा संविधान लागू हुआ था।



