स्वास्थ्य विभाग ने जारी की कैशलैस इलाज की अधिसूचना, अब सरकारी कर्मचारियों, पैंशनर्स और आश्रितों का होगा मुफ्त इलाज

चंडीगढ़ : स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने कैशलैस इलाज की अधिसूचना जारी कर दी है। हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों, पेंशनर्स और आश्रितों को इलाज के लिए अब अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना होगा। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने कैशलैस इलाज की अधिसूचना जारी कर दी है जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत अन्य श्रेणियों को भी कवर किया जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना की मदद से सभी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलेगी। गंभीर बीमारियों के साथ ही सभी इनडोर व डे केयर प्रक्रियाएं योजना में कवर की जाएंगी। प्रदेश सरकार ने 1 जनवरी को 2 सरकारी विभागों के कर्मचारियों के लिए पायलट प्रोजैक्ट के रूप में यह योजना आरंभ की थी। पायलट प्रोजैक्ट सफल रहने के बाद अब इसे सभी विभागों में लागू किया जा रहा है। व्यापक कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा (सी.सी.एच. एफ) के लिए कर्मचारी और पेंशनर्स खुद आयुष्मान मोबाइल ऐप या वैबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके बाद कार्ड जनरेशन पोर्टल से आसानी से कार्ड डाऊनलोड किया जा सकेगा। कैशलैस उपचार के लिए कर्मचारियों को अस्पतालों में उनके वेतनमान के अनुसार कमरा मिलेगा।



